
- महिला सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सांसद आरके चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
लखनऊ, 18 फरवरी , समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी महिला सभा ने मंगलवार को लखनऊ के मलिहाबाद स्थित सागर लॉन में महिला सम्मेलन का आयोजन किया। यह सम्मेलन 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प के साथ अनवरत जारी है।
महिला सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सांसद आरके चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी महिला सभा जूही सिंह ने की, जबकि संचालन राजबाला रावत ने किया।
कार्यक्रम में आयोजक महिला सभा की जिलाध्यक्ष प्रेम लता यादव ने प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद आरके चौधरी और जूही सिंह का अंगवस्त्र और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके अलावा, सम्मेलन में उपस्थित सभी महिलाओं को भी अंगवस्त्र भेंट किये गए।
प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को उनके हक, अधिकार और संविधान के बारे में जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कारण आज महिलाएं अपने अधिकारों से वंचित हैं। समाज में महिलाओं की शिक्षा का प्रतिशत बहुत कम है और उन्हें केवल गृहणी के रूप में देखा जाता है। इसलिए सभी महिलाओं को उनके अधिकारों का ज्ञान होना आवश्यक है ताकि वे अपने परिवार और समाज की तरक्की में योगदान कर सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी ने मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव और दिल्ली विधानसभा चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर लोकतंत्र का हनन किया है। लोकतंत्र लोकलाज से चलता है, परन्तु बीजेपी में लोकलाज अब नहीं बची है।
इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुशीला सरोज, मलिहाबाद विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सोनू कनौजिया, प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष जय सिंह ‘जयन्त’, उपाध्यक्ष विजयश्री गौतम, राष्ट्रीय प्रवक्ता नाहिद लारी, प्रदेश सचिव राशिद अली, और कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हजारों महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता इस सम्मेलन में उपस्थित रहे।
