
लखनऊ 21 मार्च . campussamachar.com, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट ने शासन एवं शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कर कठिनाई निवारण अध्यादेश 1982 में प्रावधानों के अंतर्गत नियुक्त 25 जनवरी 1999 से पूर्व से कार्यरत तदर्थ शिक्षकों का विगत 8 माह से बिना किसी आदेश के रोके गए वेतन भुगतान यथाशीघ्र भुगतान किए जाने की पुरजोर मांग की है।
संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री एवं संगठन प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित इलाहाबाद मंडल के सैकड़ों तदर्थ शिक्षकों से बोर्ड परीक्षा एवं मूल्यांकन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का अधिकार पूर्वक विधिवत कार्यों को संपन्न कराया जा रहा है। ये शिक्षक विधिवत अपने सभी दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं , उनका वेतन भुगतान रोका जाना उनके एवं उनसे जुड़े परिवार के साथ और अन्याय है ।
संगठन मंत्री त्रिपाठी ने बताया कि विधान परिषद में भी यह मामला जोर-शोर से उठा, जिस पर सरकार को कार्यवाही भी करने का निर्देश सभापति द्वारा दिये गए लेकिन इसके बावजूद होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी वेतन भुगतान नहीं हुआ । शिक्षक नेता ने कहा कि अब 31 मार्च को वित्तीय वर्ष भी समाप्त हो रहा है , इसके पूर्व सभी कार्य तथा शिक्षकों को अभिलंब वेतन भुगतान सुनिश्चित कराए जाने की मांग दोहराई है।
