
लखनऊ. माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज (यूपी बोर्ड ) ने 10वीं व 12वीं के संस्थगत व व्यक्तिगत विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 100 रुपए विलंब शुल्क के साथ 8 नवंबर तक बढ़ा दी है। इसी प्रकार वर्तमान सत्र में कक्षा 9 व 11 के विद्यार्थियों के पंजीकरण की भी तिथि बढ़ाकर 8 नवंबर कर दी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल की ओर से इस आशय का निर्देश जारी किया गया है।
गौरतलब है कि बोर्ड परीक्षार्थियों के फार्म भरने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर निर्धारित की गई थी लेकिन इस तरह की जानकारियां बोर्ड को मिल रहीं थी कि अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे छात्र-छात्राएं हैं जो परीक्षा फार्म नहीं भर पाए हैं। शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी ने भी इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा परिषद को पत्र लिखकर विद्यार्थियों के हित में पंजीकरण करने की तिथि आगे बढ़ाने का आग्रह किया था। इसी प्रकार 9 व 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर 21 निर्धारित की गई थी अब माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इसे भी बढ़ाकर 8 नवंबर 21 कर दिया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के इस फैसले से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को इस आशय की जानकारी मिल रही थी कि विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के पंजीकरण का काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इसलिए अब पंजीकरण की तिथि बढऩे से न केवल विद्यार्थियों बल्कि शिक्षकों व प्राचार्यों को भी राहत मिली है। सबसे अधिक प्राचार्यों पर भी ऐसे कार्यों में दबाव पड़ता है।
