
- संगठन पदाधिकारियों ने चिन्हित दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग करते हुए उनके तत्काल निलंबन की भी मांग की है
बहराइच , 17 मार्च , campussamachar.com, रूल ऑफ लॉ सोसायटी के तत्वावधान में आज संगठन पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री व राज्यपाल उत्तरप्रदेश को संदर्भित प्रभारीनगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर बीते दिवस लखनऊ में हुए अधिवक्ताओं पर अमानवीय व बर्बरतापूर्ण कार्यवाही करने वाले दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है। पदाधिकारियों ने प्रभावी कार्यवाही न किए जाने पर बड़ा आंदोलन खड़ा करने की चेतावनी भी दी है।
रूल ऑफ लॉ सोसायटी अवध क्षेत्र संयोजक संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट , संविधान विशेषज्ञ अनिल त्रिपाठी एडवोकेट , अध्यक्ष अनिल मिश्रा एडवोकेट , जिला संयोजक प्रमोद सिंह चौहान एडवोकेट , प्रवक्ता डॉ० पंकज श्रीवास्तव एडवोकेट , सचिव अमित वर्मा नवोदयन एडवोकेट आदि पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री व मा० राज्यपाल उत्तरप्रदेश को प्रेषित ज्ञापन में उल्लेख किया है की , बीते दिवस लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में स्थित थाना विभूति खण्ड में अधिवक्ताओं को अकारण हवालात में रखकर न केवल बर्बरता पूर्वक पिटाई की गई है अपितु उनके चेहरे पर पेशाब भी कर दिया गया था साथ ही उनके साथ लूटपाट भी किया गया था। पीड़ित अधिवक्ता की ओर से गम्भीर धाराओं में मुकदमा भी पंजीकृत कराया गया है बावजूद इसके अबतक चिन्हित दोषी पुलिस कर्मियों की न तो गिरफ्तारी की गई है और न ही लूटे माल की बरामदगी ही हो पाई है यह पुलिस की तानाशाही का परिचायक है।
संगठन पदाधिकारियों ने चिन्हित दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग करते हुए उनके तत्काल निलंबन की भी मांग की है . संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि मांगे न माने जाने पर पूरे संगठन की ओर से बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
