

- महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो० धर्म कौर, प्रो० राजीव शुक्ला, प्रो० नीतू सिंह, प्रो० प्रभा गौतम, प्रो० ममतारानी भटनागर , प्रो० ममता बाजपेई, प्रो० शशिकान्त त्रिपाठी , डॉ० जितेन्द्र कुमार , डॉ० प्रीती सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
लखनऊ , 18 नवम्बर , विद्यान्त हिन्दू महाविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा दिनांक 11 नवम्बर से 18 नवम्बर तक गीता जयन्ती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है । जिसका शुभारम्भ 11 नवम्बर को विशिष्ट व्याख्यान से हुआ । जिसका विषय था – लोक संस्कृति और भारतीय ज्ञान – परम्परा : श्रीमद्भगवत गीता के विशेष आलोक में । जिसमें वक्ता के रूप में लखनऊ विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के पूर्व आचार्य प्रो० रामसुमेर यादव जी आमन्त्रित थे । इसी बीच निरन्तर श्लोक वाचन, कविता पाठ , परिधानोत्सव इत्यादि प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहा ।
इसी क्रम में गत दिवस महाभारत पर आधारित लघु नाटिकाएं प्रस्तुत की गयीं । जिसमें द्यूतक्रीड़ा प्रसंग, द्रौपदी चीरहरण, अश्वत्थामा विलाप तथा महाभारत पर पात्र परिचय सहित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति छात्र – छात्राओं द्वारा दी गयी । श्लोक वाचन में प्रथम , द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र – छात्राओं को पुरस्कृत किया गया । सभी प्रतिभागियों को गीता प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा संस्कृत विभाग व पद्मश्री योगेश प्रवीण कल्चरल क्लब द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया । जिसमें महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो० धर्म कौर, प्रो० राजीव शुक्ला, प्रो० नीतू सिंह, प्रो० प्रभा गौतम, प्रो० ममतारानी भटनागर , प्रो० ममता बाजपेई, प्रो० शशिकान्त त्रिपाठी , डॉ० जितेन्द्र कुमार , डॉ० प्रीती सिंह साहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक , शिक्षणेतर कर्मचारी , शोधच्छात्र व बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र – छात्राएं उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम की संयोजिका संस्कृत विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो० शालिनी साहनी रही हैं। इस कार्यक्रम का संचालन शोधच्छात्रा प्रियांशी तिवारी ने किया । अनुशासन व संयोजन व्यवस्था में शोधच्छात्र अर्पित साहू का भी विशेष योगदान रहा ।
