

- प्राचार्य प्रो० रमेश चन्द्र वर्मा ने वैदिक मंत्रों का सस्वर वाचन करते हुए नवप्रवेशी विद्यार्थियों का दीक्षारंभ कराया।
गोरखपुर, 26 जुलाई , वीर बहादुर सिंह राजकीय महाविद्यालय कंपियरगंज ( Veer Bahadur Singh Rajkeeya Mahavidyalaya Campierganj ) में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश लेनेवाले छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवागत प्राचार्य प्रो० (डॉ०) रमेश चन्द्र वर्मा का महाविद्यालय परिवार की ओर से माल्यार्पण और अंगवस्त्र अर्पित कर अभिनंदन भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य द्वारा विद्या की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण द्वारा किया गया। छात्रा शिवांगनी और विजयलक्ष्मी ने सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को अपने-अपने विषय के स्वरूप, विशेषताओं, महत्त्व और रोजगार की संभावनाओं से परिचित कराया। प्रो० जयप्रकाश वर्मा ने इतिहास, डॉ० शैलजा अस्थाना ने राजनीति विज्ञान, संतोष कुमार ने समाजशास्त्र, विकास कुमार सोनकर ने शारीरिक शिक्षा, योगेन्द्र नाथ मिश्र ने हिन्दी, डॉ० सुमित कुमार गुप्ता ने वाणिज्य, किशोर नन्द ने रसायन विज्ञान और डॉ० संजय गुप्त ने जन्तु विज्ञान के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

प्राचार्य प्रो० रमेश चन्द्र वर्मा ने वैदिक मंत्रों का सस्वर वाचन करते हुए नवप्रवेशी विद्यार्थियों का दीक्षारंभ कराया। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को विनम्रता पूर्वक अध्ययन करना चाहिए। स्वरचित प्रेरक उक्ति ‘जोड़ सको तो बोलो या फिर मत बोलो’ के द्वारा विद्यार्थियों को सार्थक बात का महत्त्व बताया। इस अवसर पर उन्नति फाउंडेशन की ओर से रोजगार कार्यशाला का आयोजन भी किया गया।

समारोहक डॉ० शैलजा अस्थाना ने कार्यक्रम का संचालन किया। डॉ० मनीष कन्नौजिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्राध्यापक जितेन्द्र कुमार चौरसिया, बृजेश पांडेय, सरिता यादव और शताधिक विद्यार्थी उपस्थित रहे।
