
- संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने बताया उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग अधिनियम 2023 में पूर्ववर्ती माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड 1982 की धारा 12 धारा 18 एवं धारा 21 की पुनर्स्थापना के लिए यह उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है .
लखनऊ, 04 मई 2025 ,campussamachar.com, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ( पाण्डेय गुट ) ने 7 , 8 और 9 मई 2025 को माध्यमिक शिक्षा निदेशक के कैंप कार्यालय लखनऊ में उपवास करने का फैसला किया है . संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ जितेंद्र कुमार सिंह पटेल, प्रधान संरक्षक अमरनाथ सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र द्विवेदी , कोषाध्यक्ष आनंद कुमार मिश्रा और आशीष कुमार सिंह महामंत्री के अनुसार शिक्षकों के हितों के लिए यह उपवास करने का निर्णय लिया है .
संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने बताया उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग अधिनियम 2023 में पूर्ववर्ती माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड 1982 की धारा 12 धारा 18 एवं धारा 21 की पुनर्स्थापना के लिए यह उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है . इस उपवास में संगठन की प्रादेशिक कार्य समिति के सभी सदस्यों को शामिल होना है . संगठन के नेताओं ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षकों के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है और यही कारण है कि तदर्थ शिक्षक अपनी सेवाओं के लिए नियमितीकरण के लिए भटक रहे हैं . इतना ही नहीं इसी वर्ष रिटायर हुए टीचर्स का भी पूर्ण देय नहीं हो पाया है . उनका कहना है कि यह शिक्षा विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शिक्षकों के सेवा शर्तों का पालन सुनिश्चित करें और समय से वेतन तथा अन्य भुगतान सुनिश्चित करें .
उधर संगठन द्वारा उपवास की जाने की घोषणा के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसर का सिरदर्द बढ़ गया है . उसकी वजह यह है कि चयन बोर्ड 1982 की धारा 12 धारा 18 एवं धारा 21 की पुनर्स्थापना करना माध्यमिक शिक्षा विभाग से ज्यादा शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की जिम्मेदारी है, लेकिन शिक्षा सेवा चयन बोर्ड इस मुद्दे पर शिक्षकों की मांग के रूप तेजी से कार्य नहीं कर पा रहा है।
