
लखनऊ 15 मई, 2025,campus samachar.com, महानिदेशक/स्कूल शिक्षा द्वारा समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालयों में भीषण गर्मी एवं विद्यालय में विपरीत परिस्थितियों के बीच दिनांक 21 मई से 10 जून, 2025 तक समर कैम्प आयोजित किए जाने सम्बन्धी आदेश को तत्काल स्थगित किए जाने की उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी एवं महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को पत्र लिख कर मांग की है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक उपाध्यक्ष/प्रवक्ता डा. आर.पी., मिश्र, महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा, एवं प्रदेशीय मंत्री डा. आर.के.त्रिवेदी ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा को प्रेषित किए गए पत्र में उल्लेख किया गया हैं कि वर्तमान में प्रदेश का तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है। भीषण गर्मी, हीट वेव तेज धूप लोगों को झुलसा रही है हीटवेव में बच्चों के बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है। यह स्थिति आज की है तो मई के अन्तिम सप्ताह एवं जून के प्रथम सप्ताह में मौसम वैज्ञानिक बता रहे है कि गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। किसी भी विद्यालय में न तो कूलर है और न ही पंखों की पर्याप्त व्यवस्था है इसके अतिस्कित ग्रामीण क्षेत्रों मे पर्याप्त बिजली नही आती है। ऐसी स्थिति में समर कैम्प का आयोजन बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने जैसा होगा।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्रीष्मावकाश में अधिकंाश शिक्षक/प्रधानाचार्य अपने परिवार के साथ दूसरे जनपद में स्थित अपने मूल आवासों पर चले जाते है। इसी प्रकार छात्र/छात्राएं अपनी सुविधा अनुसार बाहर या अन्य कार्यो में व्यस्त रहते है। ऐसी स्थिति में समर कैम्प का आयोजन किसी भी प्र्रकार से उचित नही होगा।
