
- 03 जुलाई 2025 से 04 जुलाई, 2025 तक संघ के बैनर तले शिक्षकों, अभिभावकों, ग्राम प्रधानों एवं रसोईयों द्वारा सम्बन्धित विधान सभा/लोक सभा क्षेत्र के माननीय विधायक/माननीय सांसदों को सम्बन्धित विषय पर ज्ञापन सौंपा जायेगा।
- संगठन का कहना है कि लोकतंत्र में इस प्रकार विद्यालय बन्द करके नौनिहालों की शिक्षा से खिलवाड़, हजारों प्रधानाध्यापकों के पद एवं रसोईयों की सेवा समाप्ति जैसे निर्दयी एवं कठोर निर्णय की कल्पना नहीं की जा सकती है।
लखनऊ, 01 जुलाई, campus samachar.com उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र शर्मा और महामंत्री संजय सिंह की और से आन्दोलन की घोषणा कर दी गई है . संगठन की और से इस बाबत प्रदेश के सभी ज़िलों के जिलाध्यक्ष एवं जिला मंत्री को आन्दोlलन शुरू करने का विस्तार से विवरण दिया गया है .
जानकारी के अनुसार इस पत्र में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हजारों विद्यालयों को पेयरिंग के नाम पर बन्द किया जा रहा है। प्रदेश में 150 से कम छात्र संख्या वाले प्राथमिक विद्यालय एवं 100 से कम छात्र संख्या वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों को प्रधानाध्यापक विहीन करते हुए हजारों प्रधानाध्यापकों को सरप्लस घोषित कर दिया गया है। इसके पूर्व भी एक ही परिसर में स्थित लगभग 20 हजार विद्यालयों का संविलियन करके प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के पद समाप्त कर दिये गये हैं। वर्तमान में चल रही मर्जर प्रक्रिया से जहाँ छात्रों से विद्यालयों की दूरी अधिक होगी, वहीं हजारों रसोईयों की सेवा समाप्त हो जायेंगी।
इस प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा सम्बन्धित प्रधानाध्यापकों एवं ग्राम प्रधान/विद्यालय प्रबन्ध समिति पर दबाव बनाकर विद्यालय बन्द करने के समर्थन में प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। लोकतंत्र में इस प्रकार विद्यालय बन्द करके नौनिहालों की शिक्षा से खिलवाड़, हजारों प्रधानाध्यापकों के पद एवं रसोईयों की सेवा समाप्ति जैसे निर्दयी एवं कठोर निर्णय की कल्पना नहीं की जा सकती है।
उपरोक्त को दृष्टिगत रखते हुए कल दिनांक 30 जून, 2025 को प्रदेश के 822 ब्लॉकों में संघ पदाधिकारियों, बन्द किये जाने वाले विद्यालयों के छात्रों के अभिभावकों एवं ग्राम प्रधानों की बैठक में इस निर्णय के विरूद्ध जबरदस्त रोष देखने को मिला। बैठकों में उपस्थित शिक्षक एवं जन समुदाय ने एक स्वर से इस निर्णय का विरोध करने का प्रस्ताव पारित किया है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र शर्मा , महामंत्री संजय सिंह , राधेरमण त्रिपाठी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शिवशंकर पाण्डेय कोषाध्यक्ष, देवेन्द्र श्रीवास्तव संयुक्त महामंत्री की और से भेजे गए इस पात्र में कहा गया है कि जिला इकाई द्वारा प्रेषित प्रस्ताव/सूचनाओं के अनुसार प्रदेश के हजारों प्रधानाध्यापकों को सरप्लस घोषित करने तथा हजारों विद्यालयों को बन्द करने के निर्णय के विरोध में निम्नलिखित कार्यक्रम घोषित किये जाते हैं:-
1. 03 जुलाई 2025 से 04 जुलाई, 2025 तक संघ के बैनर तले शिक्षकों, अभिभावकों, ग्राम प्रधानों एवं रसोईयों द्वारा सम्बन्धित विधान सभा/लोक सभा क्षेत्र के माननीय विधायक/माननीय सांसदों को सम्बन्धित विषय पर ज्ञापन सौंपा जायेगा।
2. 06 जुलाई, 2025 को अपराह्न 01 बजे से एक्स/ट्विटर पर हैशटैग अभियान चलाकर जन जागरण किया जायेगा।
3. 08 जुलाई, 2025 को सम्बन्धित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना देकर जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री उ० प्र० सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया जायेगा। अतः आपसे अनुरोध है कि उपरोक्तानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें।
