
- अजय राय ने योगी सरकार पर गुजरात के ठेकेदारों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
लखनऊ , 22 अगस्त , उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधान परिषद (MLC) चुनाव में 11 सीटों पर अकेले उतरने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने योगी सरकार पर शिक्षा को खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा, यह सरकार स्कूल मर्जर के बहाने शिक्षा का निजीकरण कर रही है।
अजय राय ने योगी सरकार पर गुजरात के ठेकेदारों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “बनारस से अयोध्यातक सारे प्रोजेक्ट गुजरात की कंपनियां हथिया रही हैं। बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर, टेंट सिटी, टोल प्लाजा, सड़कें, यहां तक कि अयोध्या में प्रसाद का इलायची दाना भी गुजरात की कंपनी बेच रही है। यह यूपी की लूट है, जो RSS के संरक्षण में गुजरात जा रही है।”
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ के को ऑर्डिनेटर डॉ. अमित कुमार राय ने शिक्षकों की समस्याओं को उजागर करते हुए कहा, “सेल्फ फाइनेंस शिक्षकों को 10-12 हजार रुपए में काम करना पड़ रहा है। सपा सरकार में वित्त विहीन शिक्षकों को मानदेय दिया गया था। वित्त विहीन शिक्षकों के वोट से जीत कर आज सबसे अधिक शिक्षक एमएलसी भाजपा के चुने गए हैं, लेकिन उन्होंने वित्त-विहीन शिक्षकों के मुद्दों को भुला दिया। डिग्री कॉलेजों में यूजीसी वेतनमान लागू नहीं हो रहा।
माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग की धारा 18 और 21, जो शिक्षकों को सेवा सुरक्षा देती थी, उसे खत्म कर दिया गया। यह प्रबंधकों की सरकार है, जो शिक्षकों को बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है।” दिसंबर में कांग्रेस पार्टी और शिक्षक प्रकोष्ठ मिलकर विधानसभा घेराव करेंगे अमित राय ने प्राइमरी स्कूलों के मर्जर पर सवाल उठाते हुए कहा, “कांग्रेस की सरकार में शिक्षा का अधिकार कानून लाया गया था, जिसमें एक किलोमीटर के दायरे में स्कूल की व्यवस्था थी।
लेकिन बीजेपी सरकार 50 से कम बच्चों वाले स्कूलों को मर्ज कर रही है। 2018 से प्राथमिक स्कूलों में शिक्षक भर्ती नहीं हुई। रिटायरमेंट के बाद स्कूलों में शिक्षक नहीं बचे। सरकार की मंशा सरकारी स्कूलों को खत्म कर निजी हाथों में सौंपने की है। उन्होंने तदर्थ शिक्षकों की अनदेखी, पुरानी पेंशन की मांग, एनपीएस में सरकारी अंशदान में देरी और शिक्षकों के ट्रांसफर में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को भी उठाया।
