
लखनऊ / प्रयागराज, 12 जुलाई, campussamachar.com, माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से मान्यता प्राप्त सभी श्रेणी के विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की अनिवार्यता और उसका पालन सुनिश्चित करने के लिए अब जिला विद्यालय निरीक्षकों को सीधे-सीधे जिम्मेदारी दे दी गई है . माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव भगवती सिंह की ओर से उत्तर प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को इस आशय के निर्देश भेजे गए हैं .
परिषद के सचिव की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजे गए निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि परिषद से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति का आदेश पूर्व में जारी किया जा चुका है और इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक को है. अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन न करने की स्थिति में जिम्मेदारी भी तय की जाएगी . परिषद सचिव के निर्देशों में स्पष्ट रूप से यह भी कहा गया है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य विद्यालय शुरू होने के प्रथम पीरियड (घंटे ) में यह आनलाइन उपस्थिति का विवरण दर्ज काराएं और फिर अग्रेसर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए . विद्यार्थियों और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्आज करने संबंधी आदेश में इस काम के लिए पोर्टल और एप के उपयोग करने का भी सुझाव दिया गया है .
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से जारी किये गए इस आदेश को लेकर न केवल जिला विद्यालय निरीक्षकों बल्कि माध्यमिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त सभी श्रेणी के विद्यालयों के लिए भी एक चुनौती पूर्ण काम आ गया है. इसकी वजह यह है कि परिषद से मान्यता प्राप्त कई विद्यालय तकनीकी तौर पर अभी बहुत पीछे हैं . इतना ही नहीं बड़ी संख्या में ऐसे भी विद्यालय हैं, जिनके यहां अन्य गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों का पंजीकरण होता है और उनके नाम केवल रजिस्टर में दर्ज हैं , ऐसे में ऑनलाइन उपस्थिति का मामला अनिवार्य किए जाने से विद्यालय प्रबंधकों की भी सांस अटकने वाली है .
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की नाराजगी इस बात को लेकर है कि उन्हें अब एक और काम करना पड़ेगा . पहले से ही काम को लंबित करना और समय से पूरा न करने सहित भ्रष्टाचार संबंधित तमाम आरोपों से घिरे कई जिला विद्यालय निरीक्षकों के कार्यालय में ऑनलाइन उपस्थिति का मामला अब अन्य कार्यों पर भारी पड़ता दिख रहा है . इस बीच माध्यमिक शिक्षक संघ ऑनलाइन उपस्थिति की पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रदान किए जाने से नाराजग है .
बहरहाल माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से जारी किए गए आदेश का जिला विद्यालय निरीक्षक कितना पालन सुनिश्चित कर पाएंगे ? यह देखने वाली बात होगी लेकिन माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव के सख्त दिशा निर्देश को टालना भी जिला विद्यालय निरीक्षकों के लिए आसान नहीं होगा.

