
प्रयागराज:/ लखनऊ , 28 मई ,campussamachar.com, नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर प्रयागराज में शिक्षक बेरोजगारों का महाधरना शुरू हो गया है. एलनगंज में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग पर हर जिले से अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं. बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के 2 लाख खाली पदों पर भर्ती की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं ने आंदोलन शुरू किया है. पूरा परिसर भर्ती दो, भर्ती दो के नारों से गूंज रहा है. इसमें लगातार युवा बेरोजगारों की संख्या बढ़ रही है.
महाआंदोलन में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण, डीएलएड/बीटीसी प्रशिक्षित अभ्यर्थी शामिल हैं. पिछले साल भी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण डीएलएड/बीटीसी प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने कई दिनों तक धरना दिया था. बाद में आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ था. शिक्षा सेवा चयन आयोग के बाहर भर्ती का विज्ञापन जारी न होने पर धरना दिया था. इस आंदोलन के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं.
