
नई दिल्ली. अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव UP Election 2022: के मद्देनजर कांग्रेस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। पंजाब संकट का समाधान होने के बाद अब कांग्रेस नेतृत्व की नजरें उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर हैं। लखीमपुर कांड में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सक्रियता से पूरे प्रदेश में कांग्रेस की चर्चा हो रही है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व उत्तर प्रदेश में बन रही इस माहौल को अगले चुनाव तक बनाए रखने की जुगत बना रहा है।
यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व ने पार्टी के पुराने नेताओं को शामिल करते हुए चुनावी रणनीति से जुड़ी कई कमेटियों का गठन कर दिया है। इन कमेटियों में उत्तर प्रदेश से आने वाले वे सभी नेता शामिल हैं, जो दमखम के साथ चुनावी समर में कूद सकते हैं। भाजपा की रणनीति का मुकाबला करने में खुद को सक्षम पाते हैं। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद व पार्टी के बड़े नेता पीएल पुनिया जैसे दिग्गजों को जिम्मेदारी है।
पीएल पुनिया को इलेक्शन कैंपेन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है। गौरतलब है कि पुनिया कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ के प्रभारी भी हैं और उनकी गिनती हाईकमान के विश्वस्त लोगों में होती है। पूर्व सांसद निर्मल खत्री को इलेक्शन कोआर्डीनेशन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है जबकि राजेश मिश्रा को इलेक्शन स्ट्रेटजी एंड प्लानिंग कमेटी का चेयरमैन नामित किया गया है। इन समितियों में कई अन्य सदस्य भी हैं। हाईकमान ने कुछ नए पदाधिकारी भी बनाए हैं।


