
लखनऊ. UP Assembly Elections 2022 में भाजपा नेता सपा पर हमला करने को कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। अब सपा की सूची पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा हमला किया है।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन की विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की पहली सूची के माध्यम से अखिलेश यादव ने स्पष्ट सन्देश दिया है कि वह अपराधियों, गुंडों और दंगाइयों का साथ छोडऩे को तैयार नहीं हैं। इससे यह भी पता चलता है कि सपा का सरकार बनाने का मतलब है, प्रदेश में फिर से दंगा राज, गुंडा राज और अपराधी राज।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि प्रत्याशियों की इस सूची में कैराना से पलायन के आरोपियों, दंगाईयों, गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों को टिकट दिया है। उन्होंने सपा प्रमुख से पूछा कि वह बताएं की अपने गठबन्धन से वह प्रदेश की जनता को क्या सन्देश देना चाहते हैं? अखिलेश बताएं कि क्या वह प्रदेश में फिर से मुजफ़्फरनगर जैसा दंगा और कैराना जैसे पलायन की स्थिति पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सपा-रालोद गठबंधन के चरित्र के खिलाफ अभियान चलाएगी और जनता के बीच सन्देश भी देने का कार्य करेगी। खुद जनता जनार्दन भी सपाई कुशासन की वापसी नहीं चाहती है और 300 प्लस सीटों का आशीर्वाद भाजपा को देने का मन बना चुकी है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं, सम्पूर्ण प्रदेश की जनता जानना चाहती है बुलंदशहर में हिस्ट्रीशीटर हाजी यूनुस जैसे अपराधी, शामली से हिस्ट्रीशीटर भगोड़े नाहिद हसन, मेरठ से हिस्ट्रीशीटर रफीक अंसारी, लोनी से हिस्ट्रीशीटर मदन भैया जैसे अपराधी को टिकट देने का काम किया है जिनका खौफ अन्य प्रदेशों में भी व्याप्त है। उन्होंने कहा क़ी उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार में आज अपराधी थर-थर कांपते हैं लेकिन सपा ने इस सूची के ज़रिये ट्रेलर दिखाया है कि वह प्रदेश में गुण्डाराज और दंगाराज कि वापसी कराने का मंसूबा पाले हुए हैं।
