

- वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।
- कल नौ फरवरी को सुबह 11 बजे से नर्सरी से जूनियर कक्षाओं तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिकोत्सव आयोजित है।
लखनऊ, 8 फरवरी, campussamachar.com, श्याम सुंदर जमुना दीन इंटर कॉलेज (एसएसजेडी इंटर कॉलेज) फैजुल्लागंज , लखनऊ का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव आज से विद्यालय परिसर में प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी बिंदु बोरा, स्थानीय पार्षद प्रियंका बाजपेई, विद्यालय के निदेशक डॉ जेपी मिश्र, प्रबंधक चंद्रकांता मिश्र और विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र कुमार मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

अतिथियों के स्वागत सत्कार के बाद विद्यालय के निदेशक डाक्टर जेपी मिश्र ने विद्यालय की प्रगति के साथ सभी को शिक्षा उपलब्ध कराने के विद्यालय के संकल्प को दोहराया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि बिंदु बोरा ने विद्यार्थियों को शिक्षा की महत्ता बताते हुए कहा कि वे भविष्य संवारने के लिए अधिक मेहनत और लगन से अपनी पढ़ाई करें। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से बेहतर बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए प्रयत्नशील है।

इस अवसर पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के यूपी बोर्ड 2024 के टॉपर विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को भी मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी , अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रधानाचार्य योगेंद्र कुमार मिश्र ने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन कल नौ फरवरी को सुबह 11 बजे से नर्सरी से जूनियर कक्षाओं तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिकोत्सव आयोजित है। इसमें नर्सरी से लेकर सातवीं कक्षा तक के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम की की प्रस्तुति देंगे। सभी कक्षाओं में प्रथम स्थान रखने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

