
- निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में सैकड़ों लोगों की जाँच व उपचार
- राज विद्या केंद्र की पहल: निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर से सैकड़ों लाभान्वित
सूरजपुर, 01 फरवरी , छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में राज विद्या केंद्र द्वारा दो दिवसीय, 31 जनवरी एवं 01 फरवरी को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में अतिथि के रूप में एसडीएम श्रीमती ललिता भगत , नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतापपुर श्रीमती मानती सिंह, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रतापपुर अजीत शरण सिंह, जिला पंचायत सदस्य सूरजपुर अनुज कुमार राजवाडे, तथा सरपंच ग्राम पंचायत खोरमा श्रीमती पिंकी टेकाम ने शिरकत की और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा इस क्षेत्र में प्रेम सागर फाउंडेशन ( Premsagar Foundation – Premsagar Foundation ) एवं द प्रेम रावत फाउंडेशन के सौजन्य से राज विद्या केन्द्र द्वारा जरूरत मन्द लोगों के लिए इतना भव्य एवं सुंदर कैम्प अयोजन करने के लिए धन्यवाद भी दिया । उन्होंने कहा कि ये संस्थाएँ ज़रूरतमंद लोगों की सहायता कर समाज सेवा का सराहनीय कार्य कर रही हैं।
इस शिविर में आसपास के गाँवों से आए 1500 से भी अधिक लोगों की आँखों की जाँच की गई तथा ज़रूरतमंदों को मुफ्त चश्मे और दवाइयाँ भी दी गईं। जाँच के दौरान कई लोगों की आँखों में समस्याएँ पाई गईं, जिनके लिए चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श भी दिए।
नेत्र चिकित्सकों ने कहा, “आज के समय में स्क्रीन का बढ़ता उपयोग आँखों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। नियमित नेत्र जाँच एवं सावधानी अत्यंत आवश्यक है।” नेत्र हमारे जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं, जिनके माध्यम से हम संसार को देख और समझ पाते हैं। नियमित नेत्र जाँच से आँखों से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान हो जाती है और गंभीर दृष्टि हानि से बचाव संभव होता है। शिविर में सभी जरूरतमंद लोगों ने नेत्र विशेषज्ञों द्वारा उचित जाँच के बाद निःशुल्क चश्मे एवं दवाइयाँ प्राप्त कर संस्थाओं के प्रति आभार एवं प्रसन्नता व्यक्त की।
यह आयोजन प्रेमसागर फाउंडेशन एवं द प्रेम रावत फाउंडेशन के सौजन्य से किया गया, जिसमें यूथ पीस फाउंडेशन ने भी अपना योगदान दिया। यह नेत्र चिकित्सा शिविर सर्वप्रथम कोटवा, जिला मिर्जापुर में 17 एवं 18 जनवरी को आयोजित किया गया। इसके पश्चात बंटोली, गुमला रांची झारखंड में 24 एवं 25 जनवरी को संपन्न हुआ। इसके बाद यह कार्यक्रम हैदराबाद में 7 एवं 8 फरवरी को तथा दिल्ली में 14 एवं 15 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।
