
भोपाल राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे एनएएस भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय और एनसीईआरटी द्वारा संयुक्त रूप से शालेय शिक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर किया जाने वाला सैंपल सर्वे आकलन है। यह सर्वे प्रत्येक 3 वर्षों में देश के प्रत्येक जिले के रेंडम सेंपल आधार पर चयनित शासकीय एवं सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 3, 5, 8 व 10 के लिए आयोजित किया जाता है।
राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे क्यों है महत्वपूर्ण
सर्वे परिणामों के आधार बच्चों में हिन्दी गणित पर्यावरण विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के लर्निंग आउटकम्स की वास्तविक स्थिति का विश्लेषण कर शिक्षा की गुणवत्ता सुधार हेतु संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाती है और सुधार हेतु नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं। इसके परिणाम बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाने और गुणात्मक सुधार लाने के लिए राष्ट्रीय, राज्य, जिला और कक्षा स्तर पर शिक्षा नीति योजना और कार्यान्वयन का मार्गदर्शन करने में मदद करते हैं।
राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे 2017 में जिले की स्थिति
इस वर्ष राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे 12 नवंबर 2021 को होना है। वर्ष 2017 के राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे में मध्य प्रदेश की स्थिति राष्ट्रीय औसत की तुलना में कम रही थी और प्रदेश का 17 वां स्थान था। मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे 2021 में मध्य प्रदेश को शीर्ष 10 राज्यों में लाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2017 के उपलब्धि सर्वे में सीहोर जिले की ओवरआल ग्रेडिंग राज्य के तत्कालीन 51 जिलों में 11 वें स्थान पर रही थी।
राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे 2021 हेतु जिले का लक्ष्य एवं इस हेतु प्रयास
गत वर्षों में जिले में दक्षता उन्नयन और लर्निंग आउटकम पर किए गए कार्यों को ध्यान में रखते हुये इस वर्ष के उपलब्धि सर्वे में जिले को राज्य के प्रथम 5 स्थानों में लाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए योजनाबद्ध रूप से ब्लॉक क्लस्टर एवं शाला स्तर पर समुचित और समेकित प्रयास हेतु कदम उठाने की कार्यवाही जिला शिक्षा केंद्र सीहोर द्वारा प्रारम्भ कर दी गई है। इस सर्वे में गत सर्वे 2017 की तुलना में परिणामों में सुधार हेतु प्रत्येक स्तर से कदम उठाने के निर्देश संचालक राज्य शिक्षा केंद्र एवं जिला कलेक्टर द्वारा दिये गए हैं।
जिले में पूर्व तैयारी के लिए क्या किया जा रहा है
प्रत्येक शिक्षक संस्था प्रमुख शिक्षा अधिकारियों को गत सर्वे 2017 की रिपोर्ट एवं कक्षा और विषयवार विभिन्न लर्निंग आउटकम्स पर बच्चों के प्रदर्शन की रिपोर्ट अध्ययन करने के लिए दी गई है और आगामी NAS 2021 हेतु गत सर्वे की तुलना में परिणामों में सुधार हेतु प्रत्येक स्तर से कदम उठाने के निर्देश दिये गए हैं। बच्चों के अधिगम प्रदर्शन में सुधार हेतु अधिक से अधिक अभ्यास हो सके इस हेतु राज्य से अभ्यास प्रश्न बैंक और साप्ताहिक टेस्ट पेपर जारी किए जा रहे हैं जिन पर शिक्षकों द्वारा कक्षा 3 एव 5 और 8 के बच्चों को हल करने हेतु विषय वस्तु को समझकर उसके अनुरूप उत्तर देने में सक्षम बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है। अतिरिक्त अभ्यास हेतु डिजिलेप विडिओस व्हाट्सएप मूल्यांकन के प्रश्नों गत सत्रों के NAS पेपर्स पाठ्य पुस्तक के अभ्यास प्रश्न दक्षता उन्नयन अभ्यास पुस्तिकाएँ प्रयास अभ्यास पुस्तिकाए विगत सत्रों में प्रदाय लर्निंग आउटकम हैंडबुक्स एवं पुस्तिका का उपयोग करने के निर्देश दिये गए हैं।
