जबलपुर॰ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय खंडवा का नाम स्व. नंदकुमार सिंह चौहान के नाम पर किया गया है। उन्होंने स्व. नंदु भैया को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा जो कार्य अधूरे छोड़े गये हैं, उन्हें पूरा किया जायेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने आज खंडवा प्रवास के दौरान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का नामकरण करने के साथ चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में 2 ऑक्सीजन प्लांट का भूमि-पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि छैगाँव-माखन और झिरनिया उद्वहन सिंचाई योजना में छूटे हुए गाँवों को जोड़ा जायेगा। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के नामकरण और ऑक्सीजन प्लांट के भूमि-पूजन कार्यक्रम में वन मंत्री कुंवर विजय शाह, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुश्री ऊषा ठाकुर सहित जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में एक करोड़ 19 लाख की लागत से 1200 एलपीएम क्षमता और एक करोड़ 10 लाख रूपये की लागत से 1000 एलपीएम क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट की सौगात क्षेत्रवासियों को मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय परिसर में शिशु गहन चिकित्सा इकाई की पीआईसीयू का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कोरोना संक्रमण से मृत शिक्षकों के बच्चों गौरव कुशवाह और शुभराज सिंह तोमर को अनुकंपा नियुक्ति-पत्र भी प्रदान किया।
टंट्या मामा की जन्म-भूमि पर होगा भव्य कार्यक्रम
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर टंट्या मामा की जन्म-भूमि पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों की पूजा करना हमारा कर्त्तव्य है। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा खण्डवा में नई पाइप लाइन तथा रिंगरोड बनाने की बात भी कही, जिससे खण्डवा वासियों को परेशानियों से छुटकारा मिलेगा और खण्डवा अत्याधुनिक शहर बनेगा। उन्होंने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी बनाई गई थी, जिन्होंने बेहतर कार्य किया है। यह कमेटियाँ कोरोना की तीसरी लहर से बचाने के लिए भी निरंतर कार्य करेंगी।
