जबलपुर – जबलपुर इंजीयनिरंग कॉलेज व्यावहारिक भौतिकी विज्ञान एवं इंडियन एसोसिएशन फिजिक्स टीचर्स (भारतीय भौतिकी परिषद) के संयुक्त तत्वावधान में इंडियन लॉच व्हीकल टेक्नोलॉजी विषय पर नेशनल वेबिनार का आयोजन हुआ, इसमें भारतीय अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक रविकुमार वर्मा ने व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि इसरो द्वारा कई सेटेलाईट प्रक्षेपित किये जा चुके हैं जिसमें उपयोग में आने वाली टेक्नालॉजी का परिचय विस्तार से प्रस्तुत किया गया। श्री वर्मा कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट जैसे चंद्रयान-1, मंगलयान इत्यादि में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने सेटेलाईट लांचिंग के हर पहलू पर प्रकाश डाला एवं इसरो के वर्तमान प्रोजेक्ट की जानकारी दी।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कमल कुशवाह ने बताया कि वेबिनार में 256 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया। इसमें मुख्यत: 196 विद्यार्थीगण जबलपुर जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों से 9-12वीं कक्षा के रहे हैं। इसमें सिहोरा, मझौली, कुण्डम, पनागर संकुल में से सर्वाधिक छात्र-छात्रायें सिहोरा संकुल से शामिल हुए।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुजीत कुमार महोबिया ने बताया कि यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक ब्रिज की तरह कार्य करेगा जिससे विद्यार्थीगणों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अपना कैरियर बनाने में मदद मिलेगी। जबलपुर स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से श्री अजय दुबे, सहा. परियोजना समन्वयक, शिक्षा अधिकारी एवं श्री अशोक उपाध्याय विकासखंड शिक्षा अधिकारी सिहोरा का अभूतपूर्व योगदान रहा।
संस्था के प्राचार्य डॉ. ए.के. शर्मा ने कहा कि संस्था का गौरवशाली अमृत महोत्सव वर्ष में यह कार्यक्रम हमारे विद्यार्थियों के अंतरिक्ष विज्ञान में आगे बढ़ने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. गगन बिहारी प्रधान, डॉ. जयदेव एवं आईएपीटी की ओर से डॉ. पीके दुबे तथा विशेष अतिथि के रूप में डॉ.एस.के. तिवारी सम्मिलित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक श्री वर्मा से खुलकर प्रश्न किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
