
लखनऊ/आगरा , 06 मई 2025 ,campussamachar.com, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP ) ने केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा कल 7 मई 2025 को देश भर में आयोजित की जा रही सिविल डिफेंस माक ड्रिल में युवाओं विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आवाहन किया है .
उल्लेखनीय है कि हाल ही में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और सीमा पार से बढ़ते सुरक्षा खतरे जिसमें साइबर हमले और शत्रुता पूर्ण गतिविधियां भी शामिल हैं के अंतर्गत यह राष्ट्रीय व्यापी ड्रिल नागरिक और संस्थागत तंत्र की तैयारी को सुधार करने की दिशा में एक आवश्यक कदम है.
विद्यार्थी परिषद की ओर से जारी इस बयान में कहा गया है कि इस अभ्यास में और रेड वार्निंग सायरन का परीक्षण कर ब्लैकआउट अभ्यास नागरिकों की सुरक्षित निकासी का पूर्व अभ्यास, विद्यार्थियों व आम नागरिकों को आपात स्थिति में सुरक्षा के उपाय सीखने का प्रशिक्षण शामिल है. साथ ही रडार स्टेशन , पावर प्लांट जैसी महत्वपूर्ण संरचना संस्थाओं को छिपाने हेतु रणनीति तकनीक का अभ्यास भी किया जाएगा. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से कहा गया है कि परिषद यह मानती है कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल हमारी सेवा की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक विशेष कर युवा वर्ग का साझा उत्तरदायित्व है . विद्यालय , महाविद्यालय और विश्वविद्यालय ऐसे केंद्र बनने चाहिए जो जागरूकता , सतर्कता और तैयारी का प्रतीक हो.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद गृह मंत्रालय के इस सिविल डिफेंस मॉडल के निर्णय का स्वागत करती है . विद्यार्थी परिषद देशवासियों से आह्वान करते हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा की अभियान में सक्रियता से अपने नागरिक कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें और आतंकी घटना के प्रतिकार के इस कड़े संदेश को प्रभावी बनाएं . देश की युवा शक्ति से भी आह्वान करते हैं कि आगे जाकर आपात स्थिति की गंभीरता से समाज को अवगत कराते हुए इस प्रशिक्षण में उनकी सक्रिय सहयोग हेतु जन जागरण करें .
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के ब्रज प्रांत के प्रांत मंत्री अंकित पटेल ने कहा कि वर्तमान का भारत आतंकी घटनाओं का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है . देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका के प्रति सजग रहना होगा . विद्यार्थियों , युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से आह्वान किया है कि वह इस माकड्रिल में पूरी सक्रियता से भाग लेकर प्रशिक्षण को गंभीरता से ले और एक सजग अनुशासित एवं सुरक्षित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभायें.
