
- आउटसोर्स कर्मियों के लिए अवकाश से संबंधित श्रम आदेशों का अनुपालन कराए जाने पर भी हुई वार्ता.
लखनऊ, 02 अप्रैल , campussamachar.com, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी एवं महामंत्री अरुणा शुक्ला ने आज प्रमुख सचिव श्रम से उनके कार्यालय कक्ष में आउटसोर्स कर्मियों की समस्याओं पर वार्ता किया l
संयुक्त परिषद की महामंत्री अरुणा शुक्ला ने आज शाम लखनऊ में एक प्रेस विज्ञप्ति में अवगत कराया है कि संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी ने प्रदेश के 5 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों के न्यूनतम मानदेय निर्धारण एवं सेवा संरक्षण संबंधी निर्णय पर विलंब होने पर आज प्रमुख सचिव श्रम के साथ उनके आमंत्रण पर बृहद वार्ता किया l
प्रमुख सचिव श्रम नें अवगत कराया कि आउटसोर्स कर्मियों को न्यूनतम मानदेय दिए जाने एवं कॉरपोरेशन बनाने का प्रकरण प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन के पास अंतिम निर्णय के लिए भेजा गया हैl प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन से वार्ता कर प्रमुख सचिव श्रम संयुक्त परिषद को वस्तु स्थिति से अवगत कराएंगे l
आशा व्यक्त की जा रही है कि प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन के माध्यम से बहुत शीघ्र ही आउट सोर्स कर्मियों के लिए कॉरपोरेशन बनाने पर कैबिनेट से निर्णय हो जाएगा l अप्रैल 2025 में आउटसोर्स कर्मियों को न्यूनतम 20000 रु का मानदेय मिलने का आदेश संभावित है।
श्रम विभाग में वर्ष 2021 में श्रमिक कल्याण के लिए एक आदेश निर्गत किया है जिसके अंतर्गत आउटसोर्स कर्मियों को चिकित्सीय अवकाश ,आकस्मिक अवकाश,वार्षिक अवकाश,साप्ताहिक अवकाश एवं अन्य अवकाश दिए जाने की व्यवस्था है। संयुक परिषद नें प्रमुख सचिव को अवगत कराया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग सहित कई अन्य विभागों मे इस आदेश का अनुपालन नहीं हो रहा है।
प्रमुख सचिव श्रम ने अवगत कराया है कि इस प्रकरण पर विभिन्न विभागीय अधिकारियों की एक बैठक बुलाई जायगी जिसमें चर्चा के बाद आदेश को सख्ती से लागू करने पर पुनः निर्देश जारी किए जाएंगे l उद्यान विभाग के आउटसोर्स कर्मियों का प्रतिवर्ष दक्षता परीक्षण लिए जाने के संबंध में प्रमुख सचिव को अवगत कराया गया l
प्रमुख सचिव नें आश्वस्त किया कि उद्यान विभाग से वार्ता कर समस्या का निस्तारण कराया जायगा l उनका स्पष्ट मत था कि चयन के समय स्किल्ड कर्मी ही लिए जाते हैं अतः पुनः प्रत्येक वर्ष स्किल्ड टेस्ट करने का कोई औचित्य नहीं है।
प्रमुख सचिव श्रम के साथ वार्ता अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई प्रमुख सचिव ने कहा कि वह स्वयं सारी परिस्थितियों की समीक्षा करेंगे एवं संयुक्त परिषद को अवगत भी कराएंगे l
