
- साहित्यकारों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार में 25 हजार रुपए सम्मान राशि, सरस्वती जी की प्रतिमा, अंगवस्त्रम प्रदान किया जाता है ।
लखनऊ, 29 जनवरी। भाऊराव देवरस सेवा न्यास द्वारा आयोजित पंडित प्रताप नारायण मिश्र स्मृति युवा साहित्यकार सम्मान समारोह 2026 का आयोजन अगले माह तीन फरवरी को माधव सभागार, सरस्वती शिशु मंदिर परिसर निराला नगर, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि स्वामी गोविंददेव जी गिरि जी महाराज होंगे जबकि अध्यक्षता प्रोफेसर अजय तनेजा कुलपति ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय लखनऊ करेंगे। समारोह में छह युवा साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर विजय कुमार कर्ण ने आज यह जानकारी दी। उन्होंने बताया 31 वें युवा साहित्यकार सम्मान के विशिष्ट सारस्वत आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने बताया कि भाऊराव देवरस सेवा न्यास द्वारा प्रति वर्ष साहित्य की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट युवा साहित्यकारों को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष यह सम्मान समारोह तीन फरवरी मंगलवार को सायं चार बजे,माधव सभागार सरस्वती शिशु मंदिर परिसर,निराला नगर लखनऊ में आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में सम्मानित किए जाने वाले युवा साहित्यकारों में काव्य विधा में राहुल शिवाय बेगूसराय बिहार,कथा—साहित्य में वंदना चौबे लखनऊ उप्र, बाल साहित्य में शादाब आलम अलीगढ़ उप्र,पत्रकारिता में अंशुमान झा पटना बिहार, संस्कृत में डाॅ दीपिका दीक्षित नई दिल्ली और भूटिया भाषा में उत्कृष्ट लेखन के लिए युवा साहित्यकार जिग्मी वांग्चुक भूटिया सिक्किम को पंडित प्रताप नारायण मिश्र स्मृति युवा साहित्यकार पुरस्कार समारोह 2026 प्रदान किया जाएगा। साहित्यकारों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार में 25 हजार रुपए सम्मान राशि, सरस्वती जी की प्रतिमा, अंगवस्त्रम प्रदान किया जाता है ।
उन्हाेंने बताया कि भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से देश भर से इन विधाओं में युवा साहित्यकाराें से सम्मान की पात्रता के आधार पर आवेदन मांगे गए थे। सभी आवेदनपत्राें की सम्यक जांच के बाद उच्चस्तरीय समिति द्वारा इन युवा साहित्यकाराें का चयन किया गया है।
