
लखनऊ. लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक की कुर्सी पर डॉ. अमरकांत सिंह की नियुक्ति कर दी है। वे अब तक बरेली के जिला विद्यालय निरीक्षक के रूप में कार्यरत थे। बरेली में इनके स्थान लखनऊ से हटाए गए जिला विद्यालय निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह को भेजा गया है। लखनऊ से हटाए जाने के बाद मुकेश कुमार सिंह को एक माह के भीतर ही जिला विद्यालय निरीक्षक की कुर्सी पुन: मिल गई है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ल की ओर से शुक्रवार को यह आदेश जारी किया गया है। इस आदेश में सिर्फ तीन ही अधिकारियों के ट्रांसफर किया गया है। शासन ने जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय मुरादाबाद संत प्रकाश को अब जिला विद्यालय निरीक्षक श्रावस्ती बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि लखनऊ में विद्यालयों के प्रबंधन से उठे विवाद की आंच में तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह का तबादला का माध्यमिक शिक्षा निदेशक के शिविर कार्यालय में प्रतीक्षा में रखा गया था और जिला विद्यालय निरीक्षक पर प्रभारी व्यवस्था की गई थी लेकिन इधर फिर कई विद्यालयों के शिक्षकों-कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी के कारण माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी परेशान थे, इसकी एक बड़ी वजह माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किया जाना था। इसलिए विभागीय अधिकारी शासन से लगातार पूर्णकालिक जिला विद्यालय निरीक्षका की नियुक्ति के लिए दबाव डाल रहे थे।
ऐसे में शासन ने त्वरित फैसला लेते हुए बरेली के जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ.अमरकांत सिंह को लखनऊ का नया जिला विद्यालय निरीक्षक नियुक्त किया है और मुकेश कुमार सिंह को डॉ.सिंह के स्थान पर बरेली का जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया है। अब सबसे बड़ी बात यह है कि डॉ.अमरकांत सिंह राजधानी के शिक्षक संघ, प्रभावशाली मंत्रियों-नेताओं के साथ ही अपने विभागीय अधिकारियों के साथ किस तरह का तालमेल बना पाते हैं ?
