
जैन मिलन समिति ने जैन समाज के समस्त पुरुष व माता-बहनों से शुद्धता पूर्वक माता जी की आहारचर्या में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की है।
कोरबा, 19 जून , संत शिरोमणि आचार्य गुरुवर श्री 108 विद्यासागर महाराज के शिष्य एवं नवाचार्य श्री 108 समय सागर महाराज के संघ की परमपूज्य आर्यिकारत्न श्री 105 आदर्शमति माता के संघस्थ आर्यिका श्री 105 अखंड मति माताजी, आर्यिका श्री 105 अभेदमति माताजी एवं आर्यिका श्री 105 ज्ञानमति माताजी ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश कोरबा नगरी में हो गया है ।वर्तमान में माता ससंघ बुधवारी बाजार स्थित दिगंबर जैन मंदिर कोरबा में विराजमान है । यह कोरबा वासियों के लिए बड़े ही ऐतिहासिक एवं सौभाग्य की बात है।

ज्ञात हो कि यह आर्यिकासंघ अकलतरा से बलोदा,सरईश्रंगार , डोंगरी से विहार करते हुए खिसोरा, पंतोरा, तरदा ,कनवेरी होते हुए कोरबा पहुंचा ।जहां जैन समाज के लोगों ने बड़े ही उमंग एवं उत्साह के साथ बेंडबाजे के साथ मुरार का पेट्रोल पंप पर भव्य अगवानी की। तत्पश्चात् गाजेबाजे के साथ नगर में धर्म प्रभावना कराते हुए दिगंबर जैन मंदिर प्रवेशद्वार में दिगंबर जैन समाज की महिलाओं द्वारा मंगल कलश के साथ आर्यिकासंघ की भव्य मंगल अगवानी की गई। जिसमें समस्त जैन समाज के लोग एवं जैन मिलन समिति के समस्त पदाधिकारी, कार्यकर्ता गण उपस्थित हुए।

जैन मिलन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष श्री दिनेश जैन ने बताया कि प्रतिदिन प्रात:काल 7:00 बजे से भगवान श्री जी का अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन होगा । उसके बाद आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की पूजन के बाद प्रातः 8:30 बजे प्रवचन माता जी के प्रवचन होंगे। तत्पश्चात 10:00 बजे से माताजी की आहारचर्या होगी। जिसमें जैन मिलन समिति ने जैन समाज के समस्त पुरुष व माता-बहनों से शुद्धता पूर्वक माता जी की आहारचर्या में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की है।

समस्त जैन समाज की महिलाएं एवं पुरुषों ने आर्यिकासंघ का चातुर्मास कोरबा दिगंबर जैन मंदिर में ही करने की तीव्र भावना व्यक्त की है। गुरुवार को प्रातःकाल श्री 1008 विमल नाथ भगवान का मोक्षकल्याण दिवस पर निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी जैन मिलन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश जैन ने दी।
यह VIDEO जरुर देखें
