
- घनश्याम तिवारी, प्रदेश संयोजक, पैक्स प्रकोष्ठ, सहकार भारती छत्तीसगढ़ की ओर से प्रदेशभर में सहकारिता सप्ताह के सफल आयोजन के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है.
रायपुर, 25 जून,campusamachar.com, भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई से 6 जुलाई 2025 तक सहकारिता मंत्रालय स्थापना सप्ताह का आयोजन देशव्यापी स्तर पर बड़े पैमाने पर किया जाएगा। यह आयोजन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में सहकारी आंदोलन को जनांदोलन में परिवर्तित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा। इस सप्ताह के दौरान विविध कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है जो सहकारिता की भावना, उसके योगदान और भविष्य की दिशा को रेखांकित करेंगे।
छत्तीसगढ़ में सहकारिता सप्ताह की तैयारियाँ जोरों पर हैं। घनश्याम तिवारी, प्रदेश संयोजक, पैक्स प्रकोष्ठ, सहकार भारती छत्तीसगढ़ की ओर से प्रदेशभर में सहकारिता सप्ताह के सफल आयोजन के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है और सभी जिलों में सक्रिय सहभागिता हेतु संपर्क किया जा रहा है। इस आयोजन को जनआंदोलन बनाने के लिए जिलेवार समन्वयकों की नियुक्ति की जा रही है।
campusamachar.com : सहकार भारती की ओर से सहकारिता सप्ताह की तैयारियों में प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चंद्रवंशी, प्रदेश कोषाध्यक्ष रामप्रकाश केशरवानी, प्रदेश संयोजक मछुआ प्रकोष्ठ नरेश मल्लाह, गणेश राम साहू, महादेव नेताम, जितेंद्र साहू, रामकुमार श्रीवास, बुद्धेश्वर केशरवानी, ललित देवांगन, महेश सोनी, मनिंद्र शुक्ला, महेश तिवारी, रुद्रप्रकाश साहू, सुरेंद्र सेहरा, जितेंद्र, प्रेमप्रकाश तिवारी, सुनील अवस्थी जैसे अनेक समर्पित कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से लगे हुए हैं।
1 जुलाई 2025: हरियाली से शुभारंभ
सप्ताह की शुरुआत देशव्यापी सामूहिक वृक्षारोपण अभियान से होगी। सहकारी समितियाँ, राज्य/संघ राज्य क्षेत्र, सहकारिता मंत्रालय और राष्ट्रीय सहकारी संघों के सदस्य इस अभियान में भाग लेंगे। साथ ही देशभर में प्राथमिक सहकारी समितियों द्वारा मॉडल ऑडिटिंग अभ्यास, मॉडल AGMs (वार्षिक आम सभाएँ) और मॉडल बोर्ड बैठकों का आयोजन किया जाएगा। दिल्ली में NABARD के सहयोग से PACS एवं Emerging Technologies पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा जिसमें देशभर के 300+ प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
2 जुलाई 2025: ऋण मेला और सहकारी कार्यशालाएँ
देश के विभिन्न जिलों में DCCB/UCB/StCBs और प्राथमिक सहकारी समितियों द्वारा ऋण मेला एवं सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, राज्य स्तर पर सहकारिता मंत्रालय की पहलों पर केंद्रित कार्यशालाएँ भी आयोजित की जाएँगी।
3 जुलाई 2025: सहकारी विरासत एवं उत्पादों की प्रदर्शनी
जिला और राज्य स्तर पर “सहकारी इतिहास एवं सहकारी उत्पादों की प्रदर्शनी” का आयोजन प्रस्तावित है। यह प्रदर्शनी 2–3 दिनों तक चलेगी जिसमें सहकारिता से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेज, उत्पाद, नवाचार एवं सफलता की कहानियों को आम जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
4 जुलाई 2025: साहित्य और संकल्प का संगम
नई दिल्ली में सहकारिता मंत्रालय (राजभाषा प्रभाग) के तत्वावधान में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि अनिल अग्रवंशी (हास्य कवि), शैलेन्द्र मधुर (गीतकार, प्रयागराज) और उपेंद्र पांडे (देशभक्त कवि, दिल्ली) काव्यपाठ करेंगे। इसी दिन सहकारिता मंत्रालय की उपलब्धियों के उत्सवस्वरूप देशभर में “सहकारी वॉकथॉन 2025” का आयोजन किया जाएगा। यह वॉकथॉन 3 से 5 किलोमीटर की दूरी का होगा, जिसमें लगभग 4000–5000 प्रतिभागी भाग लेंगे। साथ ही “सहकारिता की ओर कदम” विषय पर शिखर सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें सहकारी संरचना को सशक्त करने के दृष्टिकोण पर चर्चा होगी।
5 जुलाई 2025: अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस
5 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर “सहकारी युवा संवाद” का आयोजन होगा। इसी दिन गुजरात के आनंद में त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु भूमि पूजन एवं उद्घाटन कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी की गरिमामयी उपस्थिति में यह ऐतिहासिक कार्य संपन्न होगा। NCCT द्वारा “सहकारी शिक्षा एवं प्रशिक्षण पर एक दिवसीय युवा जागरूकता कार्यक्रम” देश के समन्वित कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में आयोजित किया जाएगा।
6 जुलाई 2025: “स्वच्छता में सहयोग” और समापन समारोह
सहकारिता सप्ताह का समापन 6 जुलाई को “स्वच्छता में सहयोग” अभियान के साथ होगा। देशभर की राजधानियों, राजभवनों, सचिवालयों एवं राज्य मुख्यालयों में स्वच्छता से जुड़े विविध कार्यक्रम होंगे। इस अभियान में सहकारी सदस्य, मंत्रालय, राज्य/संघ राज्य क्षेत्र, राष्ट्रीय सहकारी संघ भाग लेंगे। गुजरात के आनंद में राष्ट्रीय स्तर का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। यह समापन समारोह सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों को राष्ट्र के समक्ष प्रस्तुत करेगा।
Bilaspur CG का यह VIDEO जरुर देखें –
