छात्र परिणाम को परिषद की वेबसाइट www.jeecup.admissions.nic.in पर भी देख सकते है।
लखनऊ , 23 जून ,campus samachar.com, पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रवेश काउंसिलिंग की तारीखें भी घोषित कर दी गई हैं। ग्रुप ए में झांसी के शुभ दीक्षित, बी में संत रविदास नगर के अनुज प्रताप पहले स्थान पर रहे।
लम्बी प्रतीक्षा के बाद प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (UPJEE-P) – 2025 का परीक्षा परिणाम आज 23 जून को जारी कर दिया गया है। छात्र इसे परिषद की वेबसाइट www.jeecup.admissions.nic.in पर भी देख सकते है। परिषद द्वारा वर्ष 2025 के लिए आयोजित यह परीक्षा 5 से 13 जून के मध्य कम्प्यूटर आधारित पद्धति से सम्पन्न करायी गयी थी। इस परीक्षा के लिए कुल 19 ग्रुपों में आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसके सापेक्ष कुल 4,25,993 आवेदन प्राप्त हुए। प्रवेश परीक्षा में कुल 3,31,193 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 3,31,174 अभ्यर्थी काउन्सिलिंग हेतु अर्ह पाए गए हैं।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा परिणाम में ग्रुप ए में झांसी के शुभ दीक्षित, ग्रुप बी में संत रविदास नगर के अनुज प्रताप, ग्रुप सी में जौनपुर के दशरथ यादव, ग्रुप डी में अयोध्या के आशीष तिवारी, ग्रुप ई में आगरा के तेजवीर सिंह, ग्रुप एफ में गोरखपुर की अंजिली शर्मा, ग्रुप जी में बस्ती के हर्ष श्रीवास्तव, ग्रुप एच में आजमगढ़ के सत्यपाल पाण्डेय, ग्रुप आई में गाजीपुर के अभिनव चौहान, ग्रुप के-1 में बलिया के शैलेश कुमार चौहान, ग्रुप के-2 में बिहार के जय प्रताप, ग्रुप के-3 में कन्नौज के अक्षय कुमार, ग्रुप के-4 में बलिया के सोनू कुमार वर्मा, ग्रुप के-5 में देवरिया के अतीक मंसूरी, ग्रुप के-6 में वाराणसी की अवंतिका, ग्रुप के-8 में गाजीपुर के हिमांशु कुमार तथा ग्रुप एल में अलीगढ़ के अशिष जाधव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
