anil yadav

लखनऊ. आज बेरोजगारी अपने चरम है। स्थिति यह है कि वर्तमान में शिक्षित युवा वर्ग खुद को बेरोजगार देख कर बहुत निराश है और वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में मंहगाई का कीर्तिमान कायम हो गया है।
यह कहना है कि समाजवादी छात्र सभा के पूर्व पदाधिकारी व वर्तमान में सपा नेता अनिल यादव का। उनका कहना है कि भाजपा की योगी सरकार में युवाओं को अपने भविष्य को लेकर किसी प्रकार की कोई आस नहीं नजर आ रही है। इनका कहना है कि सरकार ने पूरे कार्यकाल में रोजगार के नाम पर युवाओं को सिर्फ नसीहतें दी है। सूबे का युवा आज किसी तरह भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिये तत्पर है।
पूर्व छात्रनेता का कहना है कि वर्तमान समय में केन्द्र एवं राज्य सरकार ने सिर्फ पूंजीपतियों एवं उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर रही है वहीं दूसरी तरफ छात्र व युवा अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए परेशान है। न तो उसे बेहतर शिक्षा मिल रही है और न पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी। लेकिन उनकी कोई सुध लेने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी का एक सर्वे आया है, जिसमें उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी दर बहुत ज्यादा है और इसके लिए सिर्फ मोदी सरकार की नीतियां ही जिम्मेदार हैं। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआई) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी की दर 7 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय दर 7.6 प्रतिशत से आधी है।
सीएमआई द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बेरोजगारी दर आंध्र प्रदेश में 6.5 प्रतिशत, बिहार में 13.6, राजस्थान में 26.7, तामिलनाडू में 6.3, उत्तराखंड में 6.2, दिल्ली में 11.6, गोवा में 12.6, असम में 6.7, हरियाणा में 35.7, जम्मू कश्मीर में 13.6, केरल में 7.8, पंजाब में 6, झारखंड में 16 तथा पश्चिम बंगाल में 7.4 प्रतिशत है। सरकार एक-एक करके बड़े उद्योगों को बेचती जा रही है। कल-कारखाने और बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों में निजी क्षेत्रों की भागीदार बढ़ाकर उन्हें मालिकाना हक दिया जा रहा है।
कालेजों में शिक्षकों की कमी बनी हुई और कार्यरत शिक्षक वेतन व सुविधाओं को प्राप्त करने के लिए आंदोलित हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षकों को वेतन की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के छात्र-युवा मिलकर संगठित तरीके से विरोध कर अपने हक वाली सरकार बनाएंगे। उन्होनें कहा कि अगला विधानसभा चुनाव निर्णायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार ने छात्रों-युवाओं के लिए बहुत कुछ किया लेकिन वर्तमान सरकार के पास गिनाने के लिए कुछ नहीं है।
