
लखनऊ , 02 जनवरी , campussamachar.com, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केन्द्रीय विश्वविद्यालय ( Hemvati Nandan Bahuguna Garhwal University) के संस्कृत विभाग के प्रोफेसर आशुतोष गुप्ता जी का आकस्मिक निधन हो गया। श्रीनगर में विगत 31 दिसंबर को उन्हें वाहन दुर्घटना में चोट आई थी। देहरादून के सिनर्जी हॉस्पिटल में ऑपेरशन हुआ किन्तु उन्हें बचाया नहीं जा सका। संस्कृत सेवी इस नेकदिल इंसान ने अपने सभी आत्मीयों के हृदय को अपने महाप्रयाण से अवसन्न कर दिया।
राजाजीपुरम, लखनऊ निवासी प्रोफेसर आशुतोष गुप्ता जी हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केन्द्रीय विश्वविद्यालय ( Hemvati Nandan Bahuguna Garhwal University ) के संस्कृत विभाग के प्रोफेसर के साथ साथ शिक्षक हितों के लिए हमेशा तत्पर रहे थे . पिछले माह ही विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री का चुनाव भी जीते थे. संस्कृत शिक्षा के प्रचार प्रसार में जी जान से लगे रहने वाले डॉ आशुतोष गुप्ता जी के असामयिक निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है . वे मात्र 46 वर्ष के थे . वे विद्यार्थियों और शिक्षकों और कर्मचारियों में समान रूप से लोकप्रिय और सभी के मददगार करने वाले शख्स के रूप में जाने जाते थे. इनके निधन से परिवार व राजाजीपुरम में कोहराम मच गया . हर कोई उनके स्वभाव की प्रशंसा कर उन्हें याद कर रहा है . विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं .
नव नालन्दा महाविहार विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू और संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार कर्ण ने गहरा शोक व्यक्त किया है कि मेरे अनुज आशुतोष जी का यूँ जाना हृदय को छलनी कर गया। उन्होंने कहा कि वे संस्कृत के प्रचार प्रसार और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार साथ में रहे और उनके इस तरह से चले जाना न केवल एक संस्था का नहीं बल्कि संस्कृत परिवार की बहुत बड़ी क्षति हुई है . परमात्मा अपने इस सहृदय सेवक को अपने चरणों का सायुज्य प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं .
