मुलाकात के अवसर पर कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय जनजातीय गौरव को संरक्षित करने के लिए निरंतर सकारात्मक एवं सार्थक प्रयास कर रहा है।
बिलासपुर/ दिल्ली , 20 अगस्त। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय) के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने दिनांक 19 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली में जुएल ओराम, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री, भारत सरकार से भेंट की।
मुलाकात के अवसर पर कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय जनजातीय गौरव को संरक्षित करने के लिए निरंतर सकारात्मक एवं सार्थक प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में स्थित ब्रिटिश शासन काल के प्राचीन संरचना के भग्नावशेष के जीर्णोद्धार स्थल में जनजातीय वीथिका: भारतीय जनजातीय नायक केंद्र का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर गुरु घासीदास विश्वविद्यालय और ट्राइबल रिसर्च एंड नॉलेज सेंटर, नई दिल्ली के मध्य एमओयू भी हुआ।
कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने मंत्री ओराम को बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से तीन प्रस्ताव जिनमें छत्तीसगढ़ के जनजातीय गौरव को संरक्षित करने हेतु संग्राहलय, जनजातीय युवाओं को कौशल विकास के माध्यम आत्मनिर्भर बनाने हेतु इंटीग्रेटेड कम्यूनिटी ट्रेनिंग, एम्पावरमेंट एंड सस्टेनेबल डेवेलपमेंट ऑफ शैड्यूल्ड ट्राइब इन छत्तीसगढ़ नाम से केन्द्र की स्थापना तथा जनजातीय युवाओँ में स्वनिहित तीरंदाजी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने हेतु ट्राइबल आर्चरी सेंटर एंड स्टेडियम की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव जनजातीय कार्य मंत्रालय को भेजे गये हैं।
केन्दीय मंत्री श्री ओराम ने गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय द्वारा किये जा रहे प्रगतिशील कार्यों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय द्वारा किये जा रहे प्रयासों से जनजातीय समाज का समग्र सामाजिक व आर्थिक विकास एवं उन्नयन सुनिश्चित होगा। केन्द्रीय मंत्री जुएल ओराम ने गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के विकास हेतु निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग का आश्वासन प्रदान किया।
