
रायपुर. छत्तीसगढ़ प्रधान पाठक कल्याण संघ ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दो अगस्त से शिक्षण संस्थाएं खोले जाने के फैसले का स्वागत किया है तथा मांग की है कि कोविड 19 के नियमों के पालन के लिए शाला अनुदान की राशि अविलंब जारी किया जाए ताकि स्कूलों के सभी कक्षाओं को और शाला परिसर को सेनिटाइजर किया जा सके।
छत्तीसगढ़ प्रधान पाठक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष सीके महिलांगे ने कहा कि शाला अनुदान मिलने से स्कूल समिति बच्चों को निशुल्क मास्क और तापमान मापने के लिए यंत्र क्रय कर सकेगी। उल्लेखनीय है कि पाठक संघ ने राज्य सरकार से स्कूल खोलने की मांग की थी और तर्क दिया था कि मोहल्ला कक्षाओं के संचालन में तमाम तरह की व्यवहारिक कठिनाइयां आ रही हैं और शैक्षिक वातावरण भी नहीं बन पा रहा है।
सीके महिलांगे का कहना है कि आने वाले दिनों शिक्षा विभाग को और अधिक प्रयास करने होंगे ताकि सभी स्कूलों में बेहतर ढंग से बच्चों को शिक्षा दी जा सके। भूपेश सरका ने 20 जुलाई को ही कैबिनेट की मीटिंग में शिक्षण संस्थाएं खोलने का निर्णय लिया था।
