- खास खास बातें
- रायपुर में रन फॉर सीजी प्राइड का आयोजन
- हजारों की संख्या में शामिल हुए हर आयु वर्ग के धावक
- मुख्यमंत्री ने रन फॉर सीजी प्राइड को झंडी दिखाई
- नवा छत्तीसगढ़ समता और आर्थिक समानता का मॉडल : बघेल

रायपुर. राजधानी रायपुर में आज सुबह आयोजित रन फॉर सीजी प्राइड को लेकर लोगों में अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया। छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और गर्व के लिए आयोजित इस दौड़ में हर आयु वर्ग के 20 हजार से अधिक धावक शामिल हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुबह 7 बजे गांधी उद्यान चौक से झंडी दिखाकर रन फॉर सीजी प्राइड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर गांधी उद्यान का पूरा क्षेत्र लोगों के हुजूम से खचाखच भरा हुआ था। दौड़ में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे स्कूली बच्चों से लेकर प्रदेशभर से आए युवा धावकों का समूह इस दौरान भारत माता की जय, छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा का उद्घोष करने के साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। रन फॉर सीजी प्राइड के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जैसे ही मंच पर पहुंचे वहां मौजूद जनसमूह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इसके प्रति उत्तर में मुख्यमंत्री ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा ‘कका अभी जिंदा हे’। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस प्रति उत्तर पर जनसमूह ने तालियां बजाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
स्वच्छता के मामले में छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बनाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमने जो नवा छत्तीसगढ़ गढऩे का संकल्प लिया था, उसे हम पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। तीन सालों में ही छत्तीसगढ़ राज्य ने देश-दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान कायम की है। छत्तीसगढ़ मॉडल की चर्चा आज पूरे देश में है। हमने विकास के छत्तीसगढ़ मॉडल से गुजरात मॉडल को काफी पीछे छोड़ दिया है। छत्तीसगढ़ मॉडल समता और आर्थिक समानता लाने वाला मॉडल है। समाज के गरीब, किसान, आदिवासी, महिला, युवा एवं सभी वर्ग और समुदाय के लोगों की बेहतरी के लिए काम किया जा रहा है।
रन फॉर सीजी प्राइड के दौरान हॉली एंजल इग्लिस मीडियम स्कूल के विद्यार्थी दुलेश साहू, रवि ठाकुर, विरेन्द्र नायक, मनप्रीत कौर, लवप्रीत कौर संधु और चंचल जेठवानी ने सीएम भूपेश बघेल की बातचीत की। मुख्यमंत्री की सुलभता को लेकर विद्यार्थियों ने काफी सराहा और कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री बहुत ही श्रेष्ठ और बच्चों के प्रति संवेदनशील राजनेता हैं।

रन फॉर सीजी प्राइड के दौरान हॉली एंजल इग्लिस मीडियम स्कूल के विद्यार्थी दुलेश साहू, रवि ठाकुर, विरेन्द्र नायक, मनप्रीत कौर, लवप्रीत कौर संधु और चंचल जेठवानी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पास जाकर उनसे बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों उनके स्कूल और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उत्साहित स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
बनाए गए थे सेल्फी जोन
रन फॉर सीजी प्राइड के दौरान छत्तीसगढिय़ा स्वाभिमान को अभिव्यक्त करने सेल्फी जोन बनाये गये थे। इस दौरान कई प्रतिभागियों ने सेल्फी जोन पर मोबाइल फोन से तस्वीरें खिंचवाई। बड़ी संख्या में लोगों खासकर युवाओं ने सेल्फी पाइंट पर पहुंच सेल्फी ली। लोगों ने इस कान्सेप्ट को खूब सराहा।
सीएम ने दी बधाई
‘रन फॉर सीजी प्राइड से लौटते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दौड़ में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों और गणमान्य लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
