
Akhilesh Yadav joined Rahul Gandhi Voter adhikar Yatra: समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पटना पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार की जनता चुनाव आयोग का SIR करने वाली है. BJP का बिहार से पलायन होने वाला है. उन्होंने कहा, अवध से हमने बीजेपी को हटाया है अब बिहार विधानसभा चुनाव में मगध से भी हटेगी. अखिलेश यादव ने इस दौरान बयान दिया कि वह वोट अधिकार यात्रा में शामिल होने आए हैं. उन्होंने कहा कि वह बिहार की जनता को बधाई देना चाहते हैं. बिहार की जनता ने वोट अधिकार यात्रा को समर्थन दिया है.
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बिहार से बाहर होने जा रही है. उन्होंने संविधान के अधिकारों का हनन किया है जो अधिकार हमारे वोट डालने के हैं. अखिलेश ने कहा, मुझे खुशी है इस बात की है कि बिहार में राहुल गांधी और तेजस्वी ने वोटर अधिकार यात्रा निकालकर जनता को बताया और अब बिहार की जनता चुनाव आयोग का एसआईआर करेगी. अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग बीजेपी सरकार का जुगाड़ आयोग बन गया है.अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी-बिहार के लोग पलायन कर रहे हैं. कम से कम तेजस्वी ने यहां बिहार में लाखों लोगों को नौकरी दी. बिहार की जनता को तेजस्वी जी पर भरोसा है कि वह पलायन नहीं होने देंगे. इस बार भारतीय जनता पार्टी का बिहार से पलायन होने वाला है. यह इस्तेमाल पार्टी है. यह लोगों को इस्तेमाल करने के बाद बर्बाद कर देती है.
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा जो संविधान है वही समाधान निकालता है. वक्त पड़ने पर यह संविधान तलवार बनता है. इसके आगे अखिलेश ने कहा कि जहां तक भाषा की बात है तो भारतीय जनता पार्टी को अमेरिका के राष्ट्रपति से गुस्सा होना चाहिए लेकिन, उनसे गुस्सा नहीं हो रहे हैं. अखिलेश ने कहा कि उन्हें गुस्सा होना चाहिए अमेरिका पर जिन्होंने टैरिफ लगाया और इस बारे में पीएम मोदी कुछ बोल नहीं पा रहे हैं.
