

- बालिका विद्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
लखनऊ , 27 नवम्बर, बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोतीनगर, लखनऊ ( Balika Vidyalaya Inter College lucknow) में संविधान दिवस के अवसर पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत गणराज्य के संविधान को संविधान सभा ने दो वर्ष ग्यारह माह और अट्ठारह दिन में 26 नवंबर 1949 को पूरा कर राष्ट्र को समर्पित किया। गणतंत्र भारत में 26 जनवरी 1950 से संविधान अमल में लाया गया। विद्यालय में इस अवसर पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन मंजुला यादव, रागिनी यादव और प्रतिभा रानी के निर्देशन में हुआ। सर्वप्रथम समस्त शिक्षिकाओं और छात्राओं ने संविधान शपथ ली। इसके बाद छात्राओं के समक्ष संविधान-प्रस्तावना का पाठ किया गया और छात्राओं को मौलिक अधिकारों और कर्त्तव्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर छात्राओं ने भारतीय संविधान के विविध पहलुओं से संबंधित अनेक विषयों पर क्विज़, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह से प्रतिभाग किया। साथ ही हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान विषय पर निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया और इस पावन अवसर पर देशभक्ति गीत भी गाए। स्लोगन प्रतियोगिता में आराधना निषाद, शालिनी पाल और आकांक्षा, चित्रकला प्रतियोगिता में शिल्पी, वैष्णवी और शगुन, निबंध प्रतियोगिता में आराधना निषाद, मोहिनी और दुर्गा तथा क्विज़ प्रतियोगिता में काजल तिवारी और हर्षिता विजयी रहीं।

कार्यक्रम के आयोजन में उमा रानी यादव, पूनम यादव, उत्तरा सिंह, अनीता श्रीवास्तव और मीनाक्षी गौतम उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने छात्राओं के सरोकार और प्रयासों की सराहना की।

इसके साथ ही लोक कला संग्रहालय, लखनऊ, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवम्बर 2025 के अवसर पर भारत के सांस्कृतिक विश्व धरोहर स्थलों पर आधारित जनपद स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 11 की छात्रा शालिनी पाल और कक्षा 12 की छात्रा रोशनी बानो को सांत्वना पुरस्कार में सर्टिफिकेट और मीमेंटो राज्य संग्रहालय, लखनऊ के सभागार में जयवीर सिंह मंत्री संस्कृति एवं पर्यटन, उत्तर प्रदेश, डॉ सृष्टि धवन, निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य संग्रहालय निदेशालय, डॉ कृष्ण ओम सिंह, संग्रहालय अध्यक्ष, लोक कला संग्रहालय, लखनऊ, विनय सिंह, निदेशक,राज्य संग्रहालय द्वारा दिया गया। अनुपमा सिंह, वीथिका सहायक, लोक कला संग्रहालय का कार्यक्रम को क्रियान्वित करने में सहयोग रहा। विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका पूनम यादव के सहयोग से छात्राओं ने राज्य और लोक कला संग्रहालय का भ्रमण भी किया।

