

- नारी का सब रखो मान
- बढ़ती रहे देश की शान
लखनऊ , 25 अक्तूबर , बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोती नगर, लखनऊ में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत लगातार अनेक गतिविधियां हो रही हैं जिसके माध्यम से छात्राओं को और छात्राओं के द्वारा उनके घर और आस पड़ोस को जागरूक करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत मिशन शक्ति कार्यक्रम की नोडल पूनम यादव और प्रतिभा तथा साथ में ऋचा अवस्थी द्वारा स्लोगन और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं द्वारा मिशन शक्ति को लेकर विभिन्न विचार व्यक्त किए गए जैसे महिलाओं को दें इतना सम्मान कि बढ़ती रहे देश की शान, कोमल है कमजोर नहीं तू, शक्ति का नाम ही नारी है। जग को जीवन देने वाली, मौत भी तुझसे हारी है।
इस प्रकार के विचारों को व्यक्त करते हुए स्लोगन लिखे गए। इस प्रकार से स्लोगन प्रतियोगिता में कक्षा 11 की आराध्या प्रथम, सलोनी द्वितीय और कक्षा 10 की शुभांगी तृतीय स्थान पर है। पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 11 की शिल्पी प्रथम, दुर्गा द्वितीय और शालिनी पाल तृतीय स्थान पर रही।

इसके अतिरिक्त पूनम यादव द्वारा छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के विषय में विस्तार से समझाया गया जिससे किसी भी भयावह और आपत्तिजनक स्थिति में भी वह स्वयं और दूसरों का बचाव कर सकें और सभी को इस संदर्भ में जागरूक कर सकें। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र द्वारा सभी विजयी और प्रतिभागी छात्राओं को बधाई दी गई।
