

- बालिका विद्यालय में मिशन शक्ति 5.0 से संबंधित निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन
लखनऊ, 04 नवंबर 2025 , अपने देश में आदिकाल से ही नारी को वंदनीय माना गया है। महिला सशक्तीकरण वर्तमान समय की मांग है। महिला सशक्तीकरण से तात्पर्य है महिलाओं की स्वतंत्रता और समानता तथा उनके द्वारा स्वयं के अधिकारों का अधिक से अधिक उपयोग करने का सार्थक प्रयास। आज भारत की महिलाएं नीति से लेकर देश के नेतृत्व तक अपनी भूमिका बखूबी निभा रही हैं। यह परिदृश्य और व्यापक रूप में दिखाई दे इसलिए मिशन शक्ति अभियान की आवश्यकता पड़ी।

यह अभियान नारी स्वावलंबन, आत्मसम्मान और नारी सुरक्षा पर आधारित है। बालिकाओं का विद्यालय ( Balika Vidyalaya Inter College lucknow ) होने के कारण इस विद्यालय में प्राथमिकता के आधार पर मिशन शक्ति को प्रभावी रूप में क्रियान्वित किया जाता है। बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, स्वयं को स्वावलंबी बनाने हेतु तथा आत्मसम्मान से जीवन यापन करने हेतु लगातार विभिन्न विद्वतजनों और स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा प्रशिक्षण दिलवाया जाता है।

इसके साथ विद्यालय ( Balika Vidyalaya Inter College lucknow) की प्रधानाचार्य एवं नोडल शिक्षिकाओं द्वारा भी लगातार मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत छात्राओं को इस अभियान के विषय में विस्तार से जानकारी दी जाती है और उन्हीं के द्वारा उनके घर तथा आसपास की बालिकाओं और महिलाओं को जागरूक करने हेतु विविध कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होता रहता है।
इसी के अंतर्गत विद्यालय ( Balika Vidyalaya Inter College lucknow) में मिशन शक्ति विषय पर निबंध तथा रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया।

निबंध प्रतियोगिता का आयोजन पूनम यादव, मंजुला यादव और प्रतिभा रानी के निर्देशन में हुआ और मिशन शक्ति 5.0 पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन पूनम यादव और रागिनी यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ। छात्राओं ने मिशन शक्ति के विचारों को प्रदर्शित करते हुए रचनात्मक और अर्थपूर्ण रंगोली बनाईं। विजयी छात्राओं को बालदिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
