

- प्रशासन को अवगत कराया कि ग्राम पंचायत में स्थित जलाशय व तालाबो पर अवैध अतिक्रमण व कब्ज़ा स्थानीय राजस्व व पुलिस कर्मियों की मिली भगत से हो रहा है यदि अवैध कब्ज़ा व निर्माण हटाने हेतु अभियान न चलाया गया तो बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
बहराईच / लखनऊ , 19 अप्रैल 2025, campussamachar.com, किसान परिषद के तत्वावधान में आज विभिन्न सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों ने प्रभारी अधिकारी तहसील समाधान दिवस/अपर जिलाधिकारी बहराईच को सामूहिक रूप से ज्ञापन देकर सार्वजनिक तालाब व जलाशयों पर हो रहे अवैध कब्जों व अवैध अतिक्रमण को हटवाकर पूर्ववत जलाशय निर्माण कराए जाने की मांग की है।
सामाजिक संगठन से जुड़े पदाधिकारीयो ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया कि भू माफिया ने संगठित तरीके से तालाब व जलाशय पर कब्ज़ा कर उसका विक्रय कर रहे है अथवा निर्माण कार्य करवाकर सरकारी संपत्ति पर बेतहाशा कब्ज़ा कर रहे हैं।नानपारा तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस के अवसर पर उपस्थित अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव,उप जिलाधिकारी व तहसीलदार को किसान परिषद, रूल ऑफ लॉ सोसाइटी, महामना मालवीय मिशन, गायत्री परिवार व नमामि गंगे संगठन से जुड़े पदाधिकारी ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन देकर प्रशासन को अवगत कराया कि तहसील परिक्षेत्र के ग्राम पंचायतो में स्थित प्राचीन तालाबो, जलाशयों पर भू माफियाओं ने अवैध कब्जा कर उसका विक्रय अथवा भवन निर्माण कार्य धड़ल्ले से करवाना शुरू किया है जिससे जलचर,थलचर, नभचर समेत मानव जाति के संकट गहरा रहा है।जबकि शासन व उच्च न्यायालय लगातार तालाब व जलाशयों पर कब्ज़ा न होने देने के लिए अभियान चला रखा है।
रुल ऑफ लॉ सोसाइटी अवध क्षेत्र संयोजक संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट ,तहसील संयोजक डी०पी०श्रीवास्तव, किसान परिषद संयोजक प्राचार्य शिव पूजन सिंह, नमामि गंगे संयोजक चंद्र प्रकाश मिश्रा आदि ने प्रशासन को अवगत कराया कि ग्राम पंचायत में स्थित जलाशय व तालाबो पर अवैध अतिक्रमण व कब्ज़ा स्थानीय राजस्व व पुलिस कर्मियों की मिली भगत से हो रहा है यदि अवैध कब्ज़ा व निर्माण हटाने हेतु अभियान न चलाया गया तो बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
ज्ञापन देने वाले लोगो मे प्रमुख रूप से पर्यावरणविद डॉ अब्दुल खबीर,रमेश सोनी,रमई, अय्यूब, गायत्री परिजन जगदंबा पांडेय ,नमामि गंगे पदाधिकारी शुभम श्रीवास्तव, आयुष वर्मा, राहुल श्रीवास्तव, प्रवक्ता पंकज श्रीवास्तव आदि लोग शामिल थे। अपर जिलाधिकारी ( राजस्व)ने तालाब एवं जलाशयों से अवैध कब्जा हटवाने के लिए राजस्व व पुलिस टीम गठित करने के लिए प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया है
