
- पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े तमाम सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में एकत्रित होकर जन चौपाल का आयोजन किया।
बहराइच, 23 अप्रैल , campussamachar.com. पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में पर्यावरण जल संरक्षण चौपाल का आयोजन कर धरती को हराभरा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया। परिचर्चा में पृथ्वी पर बढ़ रहे पर्यावरण प्रदूषण की विभीषिका से बचाव के लिए जन जागरण अभियान चलाए जाने का भी संकल्प दोहराया गया। पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े तमाम सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में एकत्रित होकर जन चौपाल का आयोजन किया।
आयोजित चौपाल में महामना मालवीय , नमामि गंगे प्रकल्प , गायत्री परिवार , पुरातन छात्र परिषद , किसान परिषद आदि सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रख्यात पर्यावरण विद समाज चिंतक साधक राजकुमार ने कहा कि हमारी धरती शस्य श्यामला बनी रहे , नदियां अविरल गति से बहती रहे , पेय जल सदा नीरा बनी रहे इसके लिए आवश्यक है कि , विद्यालय , मठ-मंदिर , देवालय एवं खाली पड़े सार्वजनिक जगहों पर पर्याप्त मात्रा में पेड़ लगाए जाएं तथा उन्हें अनिवार्य रूप से संरक्षित किया जाए तभी धरती मानवानुकूल बना रह सकेगा।
Bahraich News In Hindi: संघ चिंतक राजकुमार ने रामायण कालीन सरयू नदी को साफ सुथरा एवं जल संरक्षण के लिए विशेष कार्ययोजना बनाये जाने की आवश्यकता बताई। नमामि गंगे प्रकल्प संयोजक पर्यावरण विद राकेश चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि , पौराणिक सरयू नदी के संरक्षण के लिए लगातार सामूहिक प्रयास किया जा रहा है . जन-जागरण अभियान भी चलाया जा रहा है सरयू नदी के महात्म्य से जन-जन को अवगत करवाने के लिए बहुआयामी योजना भी बनाई गई है। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए पेंडो के नष्ट होने पर गहरी चिंता जताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए विद्यार्थियों व शिक्षकों से विद्यालय परिसर में अधिकाधिक संख्या में वृक्षारोपण व उनके संरक्षण का आवाहन किया।
Bahraich News today : महामना मालवीय मिशन अध्यक्ष (अवध क्षेत्र) संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया की , तराई इलाकों में सनातन काल से अकूत जल व वन संपदा पाई जाती है जिसके संरक्षण के लिए आवश्यक है कि , जन-जागरण अभियान चलाकर नदी , पोखरों व तलाबों के तटीय इलाकों में पंचवटी व हरिशंकरी प्रजाति के पेड़ रोपित करने का अभियान चलाया जाए। मालवीय मिशन अध्यक्ष ने जनपद के अमृत सरोवर योजना के तहत खोदे गए जल विहीन तलाबों में यथा शीघ्र जल भरवाये जाने का भी प्रशासन से आग्रह किया तथा इसके लिए स्थानीय स्तर पर जन सहयोग की आवश्यकता बताई। आयोजित चौपाल का संचालन थारू समाज से जुड़े समाजसेवी जीत बहादुर ने किया। आयोजित चौपाल में प्रमुख रूप से समाजसेवी राहुल पाण्डेय , चंद्र प्रकाश मिश्र , आत्म प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट , पर्यावरण-विद मोहम्मद सलीम , शिक्षण नेता पुण्डरीक पाण्डेय आदि लोग उपस्थित रहे।
