
- चेतना केंद्र प्रबंधक प्राचार्य आर०पी०एन श्रीवास्तव ने कहा कि , संत रविदास मध्य काल के महान समाज सुधारक थे.
बहराइच, ०1 फरवरी , गायत्री चेतना केंद्र (गायत्री पुरम) डिगीहा चौराहा परिसर में आज विभिन्न धार्मिक व समाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में महान समाज सुधारक संत रविदास जी की जयंती श्रद्धा आस्था व उल्लास के साथ मनाया गया। उपस्थित लोगों ने संत रविदास को सनातन धर्म का युग प्रवर्तक बताते हुए उनके बताए गये मार्ग पर चलकर समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का सामूहिक संकल्प लिया।
गायत्री चेतना केंद्र परिसर में आयोजित संत रविदास जन्म जयंती समारोह को संबोधित करते हुए चेतना केंद्र प्रबंधक प्राचार्य आर०पी०एन श्रीवास्तव ने कहा कि , संत रविदास मध्य काल के महान समाज सुधारक थे जिन्होंने मनसा वाचा कर्मणा को संयुक्त कर सनातन समाज में व्याप्त जातीयता की भावना , अशिक्षा व समाजिक भेद भाव को दूर करने में लगातार प्रभावी प्रयास किया और सनातन समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई वे समूचे सनातन समाज के लिए आदर्श बने रहेंगे।
महामना मालवीय मिशन अध्यक्ष (अवध) संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि , संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त सामाजिक धार्मिक भेद भाव को दूर करने में प्रभावी भूमिका निभाई इसीलिए वे समूचे सनातन समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए।
मालवीय मिशन अध्यक्ष ने आवाह्न करते हुए कहा कि सनातन समाज में व्याप्त जातीय व समाजिक कुरीतियों को दूर करने का सामूहिक प्रयास किया जाना चाहिए तभी हमारा देश मजबूत व अखंड बना रह सकेगा। संघ विचारक ओम प्रकाश सक्सेना ने संत रविदास को युग पुरुष बताते हुए उनके पदचिन्हों पर चलकर सनातन समाज को मज़बूत करने का आवाह्न किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष राकेश सनातनी ने कहा कि , सनातन समाज की मजबूती के लिए सतत् प्रभावी प्रयास किया जा रहा। समूचे प्रदेश में जगह जगह हिन्दू रक्षा परिषद का गठन कर सनातन समाज में व्याप्त , अशिक्षा व भेदभाव व अन्य कुरीतियों को दूर कर सनातन समाज की एकता व अखंडता बनाए रखने का प्रभावी प्रयास भी किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष मनीष सनातनी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मातृ शक्ति संयोजक श्रीमती मीना सनातनी ने किया।
आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ई० राधेश्याम श्रीवास्तव , समाजसेवी प्रेम चंद , मंडल उपाध्यक्ष ओम प्रकाश , आईटी संयोजक ब्रजेंद्र , श्रीमती संतोष , मधुलिका सनातनी , पंडित जगदीश मिश्र , कांति मिश्र , अनिल मिश्र एडवोकेट , प्रवक्ता डॉ पंकज श्रीवास्तव , समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे। समापन अवसर पर महान संत रविदास के विचारों को जन जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
