
लखनऊ. UP Assembly Elections 2022- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश में सपा सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा करके चुनावी पिच पर काफी बढ़त ले ली है। इसका सीधा असर प्रदेश के विधानसभा चुनाव पर पडऩा तय है और प्रदेश के लाखों कर्मचारियों पुरानी पेंशन के मुद्दे को लंबे समय से उठा रहे हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अटेवा-पेंशन बचाओ मंच के प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु ने कहा कि मंच उत्तर प्रदेश पुरानी पेंशन बहाली व निजीकण को रोकने के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है।
विजय बंधु ने की अखिलेश यादव से मुलाकात
इसी क्रम में अटेवा प्रतिनिधि मंडल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर पुरानी पेंशन बहाली की माँग की थी। जिसका परिणाम यह है कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तर प्रदेश प्रदेश के शिक्षक कर्मचारियों के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा की। जिस पर प्रदेश के शिक्षक कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गयी।
ऐतिहासिक निर्णय का किया स्वागत
शिक्षक कर्मचारी ने स्वागत करते हुए कहा कि जो हमारे मुद्दे की बात करेगा, निश्चित ही आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। अटेवा के अध्यक्ष विजय कुमार ‘बन्धु’ ने कहा पुरानी पेंशन बहाली के लिए हमने सभी के दरवाजे खटखटाए लेकिन हमारी बात को कहीं सुना नहीं गया। आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के द्वारा सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली के लिए न केवल घोषणा पत्र में रखने का वादा किया बल्कि प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार बनते ही पुरानी पेंशन बहाल करने का भरोसा दिया। आने वाले विधानसभा चुनाव में शिक्षक कर्मचारियों पर इसका असर देखने को मिलेगा।
कर्मचारी नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के प्रधान महासचिव अशोक कुमार ने कहा हम हम अखिलेश यादव जी के इस निर्णय का स्वागत करते हैं। हमारे कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ साथ ही उनकी उम्मीद भी जाग गयी। लुआक्टा के अध्यक्ष डॉ मनोज पाण्डेय ने कहा शिक्षक कर्मचारियों के संघर्ष के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक निर्णय है हम इसका स्वागत करते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ विनीत वर्मा ने कहा पुरानी पेंशन की बहाली शिक्षक कर्मचारियों का स्वाभिमान है, सपा मुखिया ने उनका स्वाभिमान लौटाने की बात की है। सफाई कर्मचारी संघ के वरिष्ठ नेता रामेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा एक लाख सफाई कर्मचारी नयी पेंशन व्यवस्था से पीडि़त था उसकी नजर सभी राजनीतिक दलों की ओर जमी थी कि कौन उसके भविष्य की सुरक्षा का खेवनहार बनेगा, जिसका जवाब आज उसे मिल गया है, अब बारी हमारी है।
इन्होंने भी किया स्वागत
पीडब्लूडी नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ व कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष भारत यादव ने इस निर्णय लेने के लिए अखिलेश यादव को बधाई दी। लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम मूरत यादव जी ने कहा लेखपाल विपरीत परिस्थितियों में भी काम करता रहता है, लेकिन बुढ़ापे में उसकी सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है, इस कारण उसमे असुरक्षा का भाव रहता है, आज निश्चित ही संघर्ष रंग लाया है, हम अखिलेश के इस निर्णय का स्वागत करते हैं। इसी प्रकार
आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी संघ के महामंत्री सचिदानंद मिश्रा , बाल विकास एवं पुष्टाहार के अध्यक्ष अजीत यादव, लेखपाल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय रावत, उत्तर प्रदेश सचिवालय के सहायक समीक्षा अधिकारी व कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष संजय यादव, डिप्लोमा फार्मशिष्ट के श्रवण सचान व उप्र वाणिज्यकर के जेपी मौर्य ने भी स्वागत किया है।
