
- विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि वे विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए सकारात्मक और तनाव-मुक्त शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
बिलासपुर , 10 फरवरी , सेजेस तारबाहर विद्यालय में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय कार्यक्रम “परीक्षा पे चर्चा – भाग 2” का विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रखते हुए सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और खुशहाल जीवन जीने की प्रेरणा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जाना कि परीक्षा जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं बल्कि सीखने का एक अवसर है। प्रधानमंत्री जी ने बच्चों को समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, संतुलित दिनचर्या, खेल-कूद और परिवार के साथ संवाद बनाए रखने के महत्व को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। इससे विद्यार्थियों में परीक्षा के प्रति भय कम हुआ और उत्साह बढ़ा। परीक्षा को बोझ नहीं, उत्सव के रूप में देखने की प्रेरणा मिली।आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण की समझ विकसित हुई।असफलता से सीखकर आगे बढ़ने की सकारात्मक सोच विकसित हुई।
विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। एक छात्र ने कहा, “अब हमें परीक्षा से डर नहीं लगता, बल्कि हम इसे अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मानते हैं।”
एक छात्रा ने बताया, “प्रधानमंत्री जी की बातों से हमें समझ आया कि खुश रहना और तनाव मुक्त रहना भी पढ़ाई जितना ही जरूरी है।” अन्य विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक, प्रेरक और उत्साह बढ़ाने वाला बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि वे विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए सकारात्मक और तनाव-मुक्त शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
