

- इस अवसर पर वक्ताओं ने नदियों को जीवन रेखा बताते हुए कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों का संरक्षण केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय और सामाजिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत आवश्यक है।
लखनऊ, 28 सितंबर, विश्व नदी दिवस के अवसर पर गंगा समग्र अवध प्रांत के लखनऊ महानगर के तत्वावधान में तथा आदि गंगा गोमती आराधना मंच (AGAM) की सहभागिता से रविवार को राजाजीपुरम स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पार्क, ई-ब्लॉक सिटी कार्ड के पीछे, भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गंगा, यमुना और गोमती जैसी पवित्र नदियों के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में गंगा समग्र के संस्थापक सदस्य विश्वनाथ खेमका, विजय दीक्षित, डॉ. विवेक तागड़ी, डॉ. ऋतु जैन, श्री विश्व देव राव, डॉ. सरला शर्मा एवं श्री अखिलेश जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने नदियों को जीवन रेखा बताते हुए कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों का संरक्षण केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय और सामाजिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए नदियों को निर्मल और अविरल बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय सह-संयोजक अनुराग पाण्डेय ने किया। आयोजन में विभिन्न आयामों के प्रमुख पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे जिनमे प्रचार आयाम की प्रांतीय पूर्व सह प्रमुख श्वेता सिंह, पूर्व जल निकास आयाम प्रमुख गौरव दीक्षित, पूर्व विधि आयाम राजेश शुक्ला, पूर्व वृक्षारोपण आयाम के प्रमुख पंकज शुक्ला, लखनऊ पश्चिम पूर्व संयोजक अरविन्द जायसवाल, विशेष रूप से उल्लेखनीय रहे। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। समापन पर सामूहिक संकल्प लिया गया कि गंगा, गोमती और सभी नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता पर विशेष बल दिया जाएगा।
