
- सीयू और सेगी विश्वविद्यालय, मलेशिया के मध्य एमओयू
बिलासपुर, 08 अगस्त। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय) और सेगी विश्वविद्यालय, सेलांगोर दारुल एहसान, मलेशिया के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर सेगी विश्वविद्यालय, मलेशिया के परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल एवं सेगी विश्वविद्यालय एवं कॉलेजेज़, मलेशिया की कुलपति प्रो. चेम डॉ. तेह गिओक बी उपस्थित रहे।
समझौता ज्ञापन पर कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने कहा कि यह एमओयू राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के भारतीयता के साथ शिक्षा और शिक्षण के अंतरराष्ट्रीयकरण के साथ अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगा। कुलपति प्रो. चक्रवाल ने कहा कि एक समान लक्ष्य की दिशा में काम करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक साथ लाने का एक सकारात्मक कदम है।
वहीं, सेगी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. चेम डॉ. तेह गिओक बी ने इस साझेदारी को लेकर गहरी उत्सुकता और विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि हम गुरु घासीदास विश्वविद्यालय भारत के साथ हाथ मिलाकर बेहद प्रसन्न हैं और साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण पहलों को विकसित करने के लिए तत्पर हैं। यह एमओयू हमारे साझा शैक्षणिक नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य संयुक्त अकादमिक कार्यक्रम, अनुसंधान सहयोग, संकाय और छात्र विनिमय तथा अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, कार्यशालाओं और सम्मेलनों के आयोजन सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सहयोग को बढ़ावा देना है। यह एमओयू दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त डिग्री कार्यक्रमों, उभरते क्षेत्रों में अनुसंधान परियोजनाओं, और वैश्विक ज्ञान नेटवर्क में सहभागिता के नए मार्ग खोलता है, जिससे छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों को लाभ होगा।
viral video
