

- यह नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय है और इसका प्रथम सत्र प्रारम्भ हुआ है।
कांठ, मुरादाबाद , 02 अगस्त , राजकीय महाविद्यालय, मथाना, कांठ, मुरादाबाद में गुरुवार को दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए सत्र में छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की गतिविधियों, समय-सारणी, कक्षाओं और पाठ्यक्रम की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. नजाकत हुसैन ने छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर जोर देना है।
जन्तु विज्ञान विभाग के डॉ. रविन्द्र कुमार सिरोनिया ने कहा कि छात्रों को महाविद्यालय में एक निष्कंटक और शिक्षण-उन्मुख वातावरण प्रदान किया जाएगा। इसी क्रम में भौतिक विज्ञान विभाग के डॉ. मुदित सिंघल ने विद्यार्थियों को शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ गैर-शैक्षिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
गणित विभाग के डॉ. कामरान आलम खान ने बताया कि यह महाविद्यालय गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद से संबद्ध है तथा यहाँ नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित होंगे। उन्होंने छात्रों को अनुशासन और समर्पण के महत्व पर बल दिया।
Moradabad News: अंग्रेजी विभाग के डॉ. संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और जीवन में निरंतर सुधार का माध्यम है। इस अवसर पर समाजशास्त्र विभाग की डॉ. नौमी प्रिया ने भी छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और मुक्त वातावरण में ही सृजनात्मक शिक्षा संभव है। साथ ही छात्रों को महाविद्यालय में अनुशासन और जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
समापन में प्राचार्य डॉ. नजाकत हुसैन ने जानकारी दी कि महाविद्यालय में अब तक लगभग 80 छात्र-छात्राओं का प्रवेश हो चुका है। उन्होंने सभी छात्रों को नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक कैलेंडर और सह-पाठ्यक्रमिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और उन्होंने नए सत्र की शुरुआत पर उत्साह और प्रसन्नता व्यक्त की।
