
- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर मंत्री शिवम तिवारी ने कहा कि प्रशासन संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों के भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए और शीघ्र उचित कार्रवाई करे।
वाराणसी, 02 अगस्त , काशी विद्यापीठ ( Mahatma Gandhi Kashi Vidyapith ) में स्नातक अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले शुक्रवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि परिणाम में मनमाने ढंग से नंबर दिए गए हैं। बिना कारण छात्रों को फेल कर रिजल्ट भी रोक दिए गए हैं। शुक्रवार की सुबह कॉलेज में हलचल बढ़ने के साथ ही एबीवीपी के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में छात्र पंत प्रशासनिक भवन पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। छात्रों ने प्रशासनिक भवन ( Mahatma Gandhi Kashi Vidyapith ) में आवागमन रोक दिया और धरने पर बैठ गए। धरना दे रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि स्नातक अंतिम वर्ष के परिणाम में काफी गड़बड़ियां हुई हैं। पहले भी इन्हें लेकर शांतिपूर्ण ढंग से मांगपत्र और ज्ञापन दिए गए थे मगर विद्यापीठ प्रशासन ने छात्रों की शिकायत की अनदेखी की।
छात्रों ने बताया कि परीक्षा में सम्मिलित होने के बावजूद उन्हें अनुपस्थित दिखाया गया है। बैक पेपर वाले छात्रों का परिणाम रिजल्ट विदहेल्ड लिखकर रोक दिया गया है। बीए इन मास कम्युनिकेशन का परीक्षा परिणाम घोषित करने के बाद छात्रों को सूचित ही नहीं किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर मंत्री शिवम तिवारी ने कहा कि प्रशासन संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों के भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए और शीघ्र उचित कार्रवाई करे।
छात्रों ने इसके बाद उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और गड़बड़ी दूर करने की मांग की। इस दौरान विभाग संयोजक आकाश प्रताप सिंह, इकाई अध्यक्ष ओम आकाश मौर्य, प्रेमप्रकाश मौर्य, हर्षित, आशुतोष तिवारी, युवराज पाण्डेय, ओम आकाश, विदित सोनी, राहुल पांडेय, उपलक्ष्य त्रिपाठी, सुजल पांडेय, विदित सोनी, राहुल पांडेय आदि कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।
