GGU bilaspur में जीजीवी परिवार सम्मान समारोह का आयोजन
बिलासपुर, 10 मई 2025, campussamachar.com, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय) नैक से ए++ ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालय में दिनांक 09 मई, 2025 को अपराह्न 3.30 बजे रजत जयंती सभागार में आतंरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ द्वारा जीजीवी परिवार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल रहे। इस अवसर पर प्रो. नीलांबरी दवे, पूर्व कुलपति सौराष्ट्र विश्वविद्यालय, राजकोट गुजरात उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ईश्वर ने विवेक और भावना से परिपूर्ण बनाया है जिससे कि हम दूसरों की पीड़ा को समझ सकें तथा उनके सुख-दुख में भागी हो सकें। प्रत्येक मनुष्य में ईश्वर का अंश है तथा एक-दूसरे के प्रति आदर एवं सम्मान का भाव रखना चाहिए। विश्वविद्यालय द्वारा कुटुंब प्रबोधन हम सभी को एक परिवार की भावना से जोड़ता है।
प्रो. नीलांबरी दवे, पूर्व कुलपति सौराष्ट्र विश्वविद्यालय, राजकोट गुजरात ने कहा कि हम सभी को विश्वविद्यालय की प्रगति के लिए वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। शिक्षक के भीतर विद्यार्थी को गढ़ने की असीम प्रतिभा होती है। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का लक्ष्य विश्वविद्यालय में सहभाग एवं समन्वय के भाव के साथ लोक कल्याण की भावना को प्रसारित करना है।
विभिन्न पुरस्कारों का हुआ वितरण एवं सेवा निवृत्त शिक्षकों का सम्मान-
08 शिक्षकों को वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के लिए श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। 29 शिक्षकों को वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के लिए श्रेष्ठ शोध पत्र सम्मान से सम्मानित किया गया। जीजीवी कुटुंब प्रबोधन योजना के अंतर्गत सम्मान एवं 24 नव नियुक्त शिक्षकों को जीजीवी व्यावसायिक संस्थापन संस्कार तथा 01 अगस्त, 2021 के पश्चात सेवानिवृत्त हुए 07 शिक्षकों एवं कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर कुलपति को द टाइम्स वर्ल्ड रैंकिंग (एशिया) का प्रमाण पत्र भेंट किया गया।
ई-लाइब्रेरी मोबाइल एप लॉन्च
कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने जीजीवी ई-लाइब्रेरी मोबाइल एप लॉन्च किया। यह एप एंड्रॉइड तथा आईओएस को सपोर्ट करता है। अब विश्वविद्यालय के पाठक पुस्तकालय में उपलब्ध समस्त इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों का उपयोग मोबाइल के माध्यम से आवश्यकतानुसार कर पाएंगे। इस सुविधा के अंतर्गत 15 हजार इलेक्ट्रॉनिक जर्नल्स, बीस हजार इलेक्ट्रॉनिक किताबें तथा विभइन्न डाटा बेस से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
Guru Ghasi Das University bilaspur, : इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर एवं मां सरस्वती, बाबा गुरु घासीदास एवं छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर हुआ। अतिथियों को नन्हा पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। प्रो. अमित कुमार सक्सेना, निदेशक, आईक्यूएसी ने स्वागत उद्बोधन दिया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ए.एस. रणदिवे ने अपने विचार व्यक्त किये। अतिथियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विश्वविद्यालय के डॉ. अमित गुप्ता ने तथा संचालन डॉ. राजेश शर्मा ने किया। प्रो. शरद चंद श्रीवास्तव, निदेशक, शोध प्रकोष्ठ ने शिक्षकों की मूल्यांकन प्रक्रिया को अंतिम रूप प्रदान किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यापीठों के अधिष्ठातागण, विभागाध्यक्षगण, अधिकारीगण एवं शिक्षणकगण उपस्थित रहे।
