
- नोशनल वेतन वृद्धि देकर पेंशन दिये जाने के मामले की उपेक्षा से पांडेय गुट ने व्यक्त की गहरी नाराजगी – डॉ जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
- शिक्षा निदेशक के आदेशों को नहीं संज्ञान ले रहे मंडलीय अधिकारी – ओम प्रकाश त्रिपाठी
लखनऊ , 11 अप्रैल , campussamachar.com, उ प्र माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट ने विगत 31 दिसंबर, 30 जून को सेवानिवृत हुए शिक्षकों को एक जनवरी अथवा एक जुलाई को एक नोशनल वेतन वृद्धि दे कर उनकी पेंशन रिवीज न किये जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया है। साथ ही शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से इस संवेदन शील मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की माँग की है।
संघ के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ जितेंद्र कुमार सिंह पटेल एवं संगठन प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने विगत 12 जून को आदेश जारी कर कार्यवाही किये जाने का स्पष्ट निर्देश प्रदान कर दिया है।

इस संबंध में शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ महेंद्र देव ने तो मंडलीय उप शिक्षा निदेशको को संबोधित अपने पांच आदेशों द्वारा कार्यवाही कर प्रगति आख्या तक समयबद्ध भेजे जाने का निर्देश जारी किया है। इन आदेशों को लगातार सक्षम अधिकारियों द्वारा नजरंदाज किया जा रहा है। इस प्रकार सरकार और शासन के निर्णयों व आदेशों की भी खुली अवहेलना की जा रही है।
शिक्षक नेताओ ने बताया कि इस नोशनल वेतन वृद्धि देकर पेंशन संशोधित करने संबंधी कार्यवाही ज्यों कि त्यों पड़ा हुआ है। उन्होंने इस मामले की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया है और इस से संबंधित जारी आदेशों व दिशा निर्देश पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराये जाने की पुरजोर माँग की है।
