
- अतिथि देवो भव की परंपरा को सार्थक करते हुए होस्ट परिवारों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे उन्हें मातृ देवो भव, पितृ देवो भव का साक्षात अनुभव हुआ।
- इस दौरान ABVP के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्य वक्ता प्रो. राजशरण शाही ने SEIL कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित किया.
लखनऊ , 28 जनवरी , campussamachar.com, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ( Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad,) द्वारा आयोजित “अंतर राज्य छात्र जीवन दर्शन” का 2025 का नागरिक अभिनंदन समारोह भव्यता और भावनात्मक पलों से परिपूर्ण रहा। इस कार्यक्रम की श्रृंखला को शब्दों में बांधना जितना कठिन है, उतना ही कठिन था पूर्वोत्तर छात्रों को विदाई देना।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय, मुख्य वक्ता अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर राजशरण शाही, स्वागत अध्यक्ष सुरेन्द्र पाल सिंह,स्वागत मंत्री प्रफुल्ल यादव, यात्रा संयोजक उत्कर्ष अवस्थी, यात्रा कार्डिनेटर कु. कामान सिबोह,महानगर अध्यक्ष डा. भुवनेश्वरी भारद्वाज एवं महानगर मंत्री शाश्वत सांकृत ने लखनऊ विश्वविद्यालय के ए.पी. सेन सभागार में माता सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
Lucknow News : स्वागत मंत्री प्रफुल्ल यादव ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। डा. भुवनेश्वरी भारद्वाज ने प्रस्ताविक उद्बोधन में 24 से 27 जनवरी तक लखनऊ में हुई SEIL यात्रा के विभिन्न पहलुओं और यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। मिजोरम की पीएचडी स्कॉलर और SEIL ग्रुप कोऑर्डिनेटर कामन सिबोह ने जब मंच पर अपने अनुभव साझा किए, तो सभी भाव-विभोर हो उठे। अन्य अतिथियों ने भी भारतीय संस्कृति की अनेकता में एकता की भावना को सजीव किया। अतिथि देवो भव की परंपरा को सार्थक करते हुए होस्ट परिवारों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे उन्हें मातृ देवो भव, पितृ देवो भव का साक्षात अनुभव हुआ।
इस दौरान ABVP ( Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्य वक्ता प्रो. राजशरण शाही ने SEIL कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित किया और पूर्व में आए अतिथियों के समाज में दिए गए अमूल्य योगदान की चर्चा की। इसके साथ ही मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय ने भारतीय संस्कृति की विविधता का सुंदर दर्शन करवाते हुए अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए।
SEIL यात्रा संयोजक उत्कर्ष अवस्थी ने इस यात्रा की ऐतिहासिकता और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, वहीं ABVP लखनऊ महानगर मंत्री शाश्वत सांकृत ने छात्रों को प्रेरित करते हुए भारतीय संस्कृति की एकजुटता को बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अगले चरण में भारतीय संस्कृति के विविध रंग मंच पर दिखाई दिए। जहां एक ओर असम का बिहू और मेघालय का लोकनृत्य मनमोहक रहा, वहीं राजस्थान का घूमर और पंजाब के गिद्धा ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अवध और देवभूमि उत्तराखंड के लोकगीत और नृत्य ने साहित्य और संगीत का अद्भुत समावेश प्रस्तुत किया।
Lucknow News : अवधी देशभक्ति गीत ने वीर जवानों के अद्वितीय साहस और पराक्रम को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। अंत में स्वागत अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह बक्शी ने सभी का आभार प्रकट करते हुए समारोह को समापन की ओर अग्रसर किया। कार्यक्रम का संचालन महानगर मंत्री कु. सरिता पांडेय और शाश्वत सांकृत ने किया। यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, विविधता, और एकता का जीवंत प्रतीक बनकर सभी के दिलों में अपनी अमिट छाप छोड़ गया।
