
लखनऊ. माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज ने कक्षा-10 एवं कक्षा-12 के संस्थागत एवं व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं एवं कक्षा-9 एवं कक्षा-11 के छात्र-छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण हेतु आवेदन करने की तिथि 20 नवंबर की मध्य रात्रि 12:00 बजे तक बढ़ा दी है। प्रदेश सरकार द्वारा छात्र हित में एक अहम निर्णय लेते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ0प्र0, प्रयागराज की वर्ष 2021 की 18 सितम्बर 2021 से 06 अक्टूबर 2021 के मध्य आयोजित अंक सुधार परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को छोड़कर सभी प्रोन्नत श्रेणियों के समस्त छात्रों सहित वर्ष 2021 की परीक्षा में पंजीकृत हुए सभी श्रेणियों के छात्रो की सुविधा के लिये उन्हें एक बार पुन: वर्ष 2022 की परीक्षा में नि:शुल्क बैठने का अवसर दिया गया है।
वर्ष 2021 की 18 सितम्बर 2021 से 06 अक्टूबर 2021 के मध्य आयोजित करायी गयी अंक सुधार परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थियों को वर्ष 2022 की परीक्षा में अंक सुधार हेतु पुन: सम्मिलित होने का अवसर प्रदान नहीं किया जायेगा। वर्ष 2021 की परीक्षा के अंक सुधार हेतु जो परीक्षार्थी, वर्ष 2022 की परीक्षा में सम्मिलित होंगे, उनका परीक्षा वर्ष 2021 का माना जायेगा तथा उन्हें उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र सह अंकपत्र वर्ष 2021 का ही प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2021 के जो परीक्षार्थी अंक सुधार हेतु वर्ष 2022 की परीक्षा में सम्मिलित होगे उनके आवेदन नि:शुल्क लिये जाएगें। वर्ष 2021 के जो परीक्षार्थी अंक सुधार हेतु वर्ष 2022 की परीक्षा में सम्मिलित होंगे उनके अतिरिक्त अन्य शेष समस्त परीक्षार्थियों के परीक्षा आवेदन सशुल्क लिये जाएंगे।
