
- बालिका विद्यालय में दी गई महापुरुषों के जीवन पर आधारित प्रभावी एवं संप्रेषणीय प्रस्तुतियां
- बालिका विद्यालय में स्वच्छता अभियान को लेकर निकाली गई रैली
- स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
- बालिका विद्यालय में मनाई गई गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती
लखनऊ , 2 अक्तूबर । campussamachar.com, जब भारत स्वच्छ होगा, तभी स्वस्थ होगा और स्वच्छता एक सेवा है इस उद्देश्य के साथ बालिका विद्यालय ( Balika Vidyalaya Inter College lucknow ) में गत दिवस 1 अक्टूबर को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र, समस्त शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई और आस पड़ोस के लोगों को स्वच्छता के महत्त्व को बताते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इसके पश्चात अपने घर और आस पड़ोस के लोगों को स्वच्छता हेतु प्रोत्साहित करने की शपथ ली गई एवं विद्यालय को स्वच्छ बनाने हेतु सभी शिक्षिकाओं, छात्रों एवं कर्मचारियों के द्वारा श्रमदान किया गया। चूंकि किसी भी कार्य की शुरुआत घर और कार्यस्थल से ही होती है और यदि हमारा घर और कार्यस्थल साफ सुथरे होंगे, तभी हम अपने समाज और देश को स्वच्छ और स्वस्थ रखने का कार्य कर पाएंगे। इस विचार को पूरे विद्यालय परिवार ने साकार किया।

lucknow school news :इसके अतिरिक्त छात्राओं ने स्वच्छता के महत्त्व को बताते हुए अत्यंत आकर्षक व संप्रेषणीय पोस्टर और स्लोगन तैयार किये। दिनांक 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जन्म दिवस को विद्यालय में पूर्ण मनोभाव से मनाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र के साथ सभी ने महात्मा गांधी और पंडित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित किए। डॉ लीना मिश्र ने छात्राओं को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों, उनके कार्यों एवं आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया।

lucknow news today : इसके पश्चात छात्राओं ने वैष्णव जन तो तेने कहिए, रघुपति राघव राजा राम ,आज है 2 अक्टूबर का दिन, इंसाफ की डगर पर बच्चों दिखाओ चल के और अन्य बहुत सारे देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए तथा छात्राओं ने महात्मा गांधी, कस्तूरबा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, रानी लक्ष्मीबाई की वेशभूषा धारण करके उनके विचारों को छात्राओं के सामने प्रभावी प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने ओजपूर्ण कविताओं को भी बहुत ही खूबसूरती से प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम का आयोजन माधवी सिंह, रागिनी यादव एवं प्रतिभा रानी के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की समाप्ति पर छात्राओं को मिष्ठान्न वितरित किया गया।

